'मैं सिगरेट का प्रचार नहीं कर रही'

    • Author, मधु पाल
    • पदनाम, मुंबई से बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
  • प्रकाशित

बॉलीवुड अदाकारा अनुष्का शर्मा की हाल में रिलीज़ हुई फ़िल्म 'एन एच10' को दर्शकों और आलोचकों ने काफ़ी सराहा.

'एन एच10 को लेकर कई तरह की आपत्ति भी जताई गई, ख़ासतौर पर सेंसर बोर्ड की तरफ से.

अनुष्का शर्मा का किरदार इस फ़िल्म में काफ़ी अलग हट के था, वे इसमें धूम्रपान करती हुई भी दिखीं.

ऐसे में उनसे पूछा गया कि इस तरह का सीन परदे पर दिखाना कितना सही है?

जवाब में वो कहती हैं, ''मैं सिगरेट का प्रचार नहीं कर रही हूँ. मेरा किरदार एक ऐसी लड़की का था, जो धूम्रपान करती है. वहीं जो लड़कियां मेरी प्रशंसक हैं, उन्हें मेरी असल ज़िन्दगी से प्रेरणा लेनी चाहिए, बजाय परदे पर निभाए किसी किरदार से. बुरी आदतों को अपनाने का निर्णय ख़ुद का होता है, उसका दोष किसी कलाकार पर मढ़ना सही नहीं है.''

इसके अलावा अनुष्का ने इस बात पर भी कोफ़्त जताई कि लोग दूसरों जैसा बनने की ख़्वाहिश क्यों करते हैं, अपने व्यक्तित्व का विकास क्यों नहीं करते?

फ़िल्म 'एन एच10' में दिखाई गई हिंसा के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, ''फ़िल्मों में हिंसा दिखाई जाती है. लेकिन मेरा मानना तो यह है कि असल ज़िन्दगी में इतनी ही हिंसा होती हैं, जिसे फ़िल्मों में दिखाने के लिए हम मजबूर हो जाते हैं.''

और आखिर में अनुष्का ने दर्शकों से अनुरोध किया कि फ़िल्म को फ़िल्म की तरह ही देखें.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां <link type="page"><caption> क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>