न्यूयॉर्क में राज कपूर फ़िल्म प्रदर्शनी

प्रकाशित

भारतीय फ़िल्म जगत के शो मैन कहे जाने वाले राज कपूर की फिल्मों का न्यूयॉर्क के म्यूज़ियम ऑफ़ मॉडर्न आर्ट में प्रदर्शन किया जाएगा.

छह जनवरी से 16 जनवरी तक चलने वाली इस प्रदर्शनी का शीर्षक रखा गया है "राज कपूर- भारतीय फ़िल्म जगत का सुनहरा दौर."

इस प्रदर्शनी में राजकपूर की आवारा, बरसात, श्री 420 और मेरा नाम जोकर समेत कुल आठ फ़िल्में दिखाई जाएगी.

इन सभी फिल्मों को 35 एमएम प्रिंट पर प्रदर्शित किया जाएगा.

म्यूज़ियम की वेबसाइट पर राजकपूर के बारे में लिखा गया है, "एशिया मूल के लोगों को छोड़कर उत्तरी अमरीका के लोग राजकपूर के बारे में भले ही ना जानते हों. लेकिन राजकपूर को रूस, पूर्व सोवियत संघ और मध्य पूर्व जैसे इलाकों में पूजा जाता है."

राजकपूर ने 1948 मे आर के फ़िल्म्स स्टूडियो का निर्माण किया, जो कि आज़ादी के बाद सबसे सफल फिल्म निर्माण कंपनियों में से एक है.

इस लेख में कहा गया है कि राजकपूर भारतीय फ़िल्मों में रोमांस के प्रस्तुतिकरण को एक नए स्तर पर ले गए, जिसमें हॉलीवुड के मैलो़ड्रामा और भारतीय पौराणिक मूल्यों को बड़ी खूबी से मिलाया गया था.

राजकपूर ने अपनी फिल्मों में पर्दे के रोमांस को बेबाक,गंभीर और निजी बनाया और भावों की अभिव्यक्ति को नए आयाम दिए, जिनकी परंपरावादी भारतीय साहित्य में कम ही जगह थी.