केविन स्पेसी ने 'यौन शोषण' मामले में मांगी माफ़ी

इमेज स्रोत, Getty Images
अमरीकी अभिनेता केविन स्पेसी ने अपने ऊपर एक बाल कलाकार के साथ यौन शोषण का आरोप लगने के बाद माफ़ी मांगी है.
अभिनेता एंथोनी रेप ने कहा है कि जब वह 14 साल के थे तब स्पेसी ने उन्हें अपने अपार्टमेंट में पार्टी के लिए बुलाया था तभी उनके साथ कथित रूप से यौन शोषण किया गया.
55 साल के हॉलीवुड अभिनेता केविन स्पेसी को साल 2000 में "अमेरिकन ब्यूटी" फ़िल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का अवॉर्ड मिल चुका है.

इमेज स्रोत, AFP
32 साल पुराना यौन शोषण का मामला
बज़फ़ीड न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में 46 वर्षीय अभिनेता रेप ने बताया, "उन्होंने मुझे इस तरह पकड़ा जैसे एक दूल्हा अपनी दुल्हन को पकड़ता है. मैं शुरुआत में पीछे नहीं हटा क्योंकि मुझे लगा कि ये हो क्या रहा है. फिर वह मेरे ऊपर लेट गए."
"वह मुझे फुसलाने की कोशिश कर रहे थे...मुझे पता था वह मेरे साथ यौन संबंध बनाना चाहते थे"

इमेज स्रोत, Getty Images
रेप ने कहा है कि वह अपने साथ हुए यौन शोषण की बात हार्वी वाइनस्टीन स्कैंडल के बाद बता रहे हैं. वाइनस्टीन पर बीते कुछ दिनों में रेप से लेकर यौन शोषण के आरोप लग चुके हैं. हालांकि, उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया है.
स्पेसी ने मांगी माफ़ी
केविन स्पेसी ने ये आरोप लगाए जाने के बाद अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से माफ़ी मांगी है.
उन्होंने कहा है, "मैं एक अभिनेता के रूप में एंथोनी रैप के काम का सम्मान करता हूं. मैं उनके साथ हुई घटना को जानकर आतंकित हूं. मुझे सच में ये घटना याद नहीं है. इसे लगभग 30 साल बीत चुके हैं. लेकिन अगर मैंने वही किया था जो उन्होंने बताया है तो मैं उनसे शराब के नशे में किए गए ऐसे व्यवहार के लिए माफ़ी मांगता हूं."

इमेज स्रोत, Twitter
स्पेसी ने ये भी बताया है कि उन्होंने अपनी ज़िंदगी में महिला और पुरुष दोनों से संबंध बनाए हैं और अब वह एक गे पुरुष की ज़िंदगी जी रहे हैं.
स्पेसी लिखते हैं. "मैं अब इसका ईमानदारी और खुलेपन के साथ सामना करना चाहता हूं और ये मेरे व्यवहार की समीक्षा के साथ शुरू होता है."

इमेज स्रोत, Getty Images
लेकिन स्पेसी की माफ़ी की हो रही है निंदा
स्पेसी ने माफ़ी मांगते हुए खुद के गे पुरुष होने की बात खुलकर कही है.
लेकिन कई हॉलीवुड हस्तियों ने एक बाल कलाकार के साथ यौन शोषण के आरोप का सामना करते हुए अपनी लैंगिकता ज़ाहिर करने के लिए स्पेसी की निंदा की है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

























