'बावी' से फिलीपींस में 15 लोगों की मौत, ताइवान-जापान में अलर्ट, किस-किस देश को ख़तरा

बावी तूफान

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, शुक्रवार को उत्तर-पूर्वी ताइवान के यीलान की तस्वीर
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 6 मिनट

पिछले कई दशकों के सबसे शक्तिशाली तूफ़ानों में से एक बावी की वजह से फिलीपींस में भूस्खलन की घटनाओं में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई है. इसी बीच पूर्वी एशिया के कई हिस्से इस तूफान के अगले असर के लिए तैयारियां कर रहे हैं.

करीब 1,000 किलोमीटर (620 मील) चौड़ा टाइफून बावी, जो अपने सबसे चौड़े हिस्से में लगभग फ़्रांस जितना फैला हुआ है, प्रशांत महासागर के ऊपर से बढ़ते हुए ताइवान की ओर बढ़ रहा है.

'बावी' के ख़तरों को देखते हुए ताइवान में सरकार ने मुख्य रूप से पहाड़ी इलाक़ों से 14 हज़ार से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है. टाइफून बावी उत्तर की तरफ बढ़ रहा है और इसी को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए गए हैं.

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ 'बावी' को लेकर जापानी अधिकारियों ने लोगों को बाढ़ और भूस्खलन को लेकर सतर्क रहने की चेतावनी दी थी. बावी ने शनिवार को जापान के दक्षिणी साकिशिमा द्वीप समूह में भारी बारिश और तेज़ हवाओं के साथ दस्तक दी. इसके बाद यह ताइवान की तरफ बढ़ गया.

जापान में स्थानीय बंदरगाह पर खड़ी नौकाएं तेज़ धाराओं और ऊंची लहरों के कारण हिलती रहीं.

अधिकारियों के मुताबिक़, तूफान के केंद्र के पास अधिकतम लगातार हवा की रफ़्तार 144 किलोमीटर प्रति घंटा रही. वहीं, झोंकों की रफ़्तार 198 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की चेतावनी जारी की गई.

इशिगाकी, जो जापान का एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, वहां शनिवार पूरे दिन सभी उड़ानें और फेरी सेवाएं बंद रहीं.

हालांकि, धीरे-धीरे कमजोर हो रहा टाइफून बावी ताइवान में दस्तक नहीं देगा, लेकिन कुछ इलाक़ों में क़रीब एक मीटर बारिश के अनुमान को देखते हुए सरकार ने किसी भी तरह के जान-माल के नुक़सान से बचने के लिए सभी जरूरी तैयारियां की हैं.

ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, "हालांकि तूफ़ान कुछ कमज़ोर हुआ है और ये मध्यम श्रेणी के तूफ़ान में बदल गया है, लेकिन इसका दायरा अभी भी बहुत बड़ा है और यह कई इलाक़ों में तेज़ हवाएं और भारी बारिश ला सकता है."

ताइवान में जिन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, उनमें ज़्यादातर उत्तरी और पूर्वी इलाक़ों के निवासी हैं. ख़राब मौसम के कारण 917 अंतरराष्ट्रीय और सभी 274 घरेलू उड़ानें भी रद्द कर दी गईं.

जापान के मौसम विभाग ने बताया था कि 'बावी' शनिवार तड़के जापान के साकिशिमा द्वीपों के बेहद क़रीब से गुज़र सकता है.

इसे पिछले कई वर्षों के सबसे शक्तिशाली तूफानों में से एक माना जा रहा है. नासा के मुताबिक़, 5 जुलाई को इसकी अधिकतम रफ़्तार 290 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई थी.

हालांकि, चीन के मौसम केंद्र के हवाले से रॉयटर्स ने बताया कि अब इसकी रफ़्तार घटकर क़रीब 200 किलोमीटर प्रति घंटा रह गई है.

साइक्लोन 'बावी' की स्पीड क्या है

साइक्लोन बावी

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, 6 जुलाई को पश्चिमी प्रशांत महासागर के ऊपर घूमते हुए सुपर टाइफून 'बावी' का सैटेलाइट तस्वीर

इस महीने की शुरुआत में यह शक्तिशाली तूफान उत्तरी प्रशांत महासागर में स्थित अमेरिका के मारियाना द्वीपों और गुआम से होकर गुज़रा था.

5 जुलाई की रात जब सुपर टाइफून 'बावी' इन द्वीपों के करीब पहुंचा, तब अपने चरम पर था. उस दौरान 290 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, मूसलाधार बारिश हुई और समुद्र में ऊंची लहरें उठीं.

समय के साथ इसकी रफ़्तार कम हुई है. चीन के राष्ट्रीय मौसम केंद्र ने रॉयटर्स को बताया कि 'बावी' की मौजूदा रफ्तार करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटा है और यह अपने सबसे चौड़े हिस्से में लगभग एक हज़ार किलोमीटर तक फैला हुआ है.

नासा के मुताबिक, उसकी ली गई तस्वीरों में तूफान का केंद्र गुआम के उत्तर में स्थित रोटा द्वीप के ऊपर से गुज़रता दिखाई दिया.

पश्चिम की ओर बढ़ते हुए, स्थानीय समय के अनुसार 4 जुलाई की सुबह 'बावी' सुपर टाइफून में बदल गया था.

सैटेलाइट से मिले आंकड़ों के अनुसार, उस समय इस क्षेत्र में समुद्र की सतह का तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस था.

'बावी' ने कितना नुक़सान पहुंचाया?

ताइवान में एहतियातन लोगों के सुरक्षित ठिकानों पर भेजा गया है

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, ताइवान में एहतियातन लोगों के सुरक्षित ठिकानों पर भेजा गया है

पिछले कुछ सालों की बात करें तो ये तूफ़ान सबसे विनाशकारी साबित हो सकता है. इस तूफान की वजह से प्रशांत महासागर में स्थित गुआम, रोटा और साइपन द्वीपों में बहुत ज़्यादा नुक़सान हुआ है.

बिजली के खंभे और तार गिर गए हैं, सड़कों पर पानी भर गया है और जगह-जगह मलबा फैल गया है.

तूफ़ान के बाद का मंज़र

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, उत्तरी मारियाना में 5 जुलाई को बावी ने काफ़ी नुक़सान पहुंचाया

इसके अलावा कई इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है. रिपोर्टों के मुताबिक, समुद्र की स्थिति में सुधार आने के बाद अमेरिकी कोस्ट गार्ड की टीमों ने गुआम और उत्तरी मारियाना द्वीपों के आसपास समुद्री रास्तों से बाधाएं हटाने का काम शुरू किया.

कई देश सावधान

बावी तूफान

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, जापान एयरलाइंस ने शुक्रवार और शनिवार के लिए 100 से ज़्यादा फ़्लाइट्स रद्द कर दी हैं
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
दिनभर: पूरा दिन,पूरी ख़बर (Dinbhar)

वो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ख़बरें जो दिनभर सुर्खियां बनीं.

एपिसोड

समाप्त

मौसम विभाग के अधिकारियों ने रॉयटर्स को बताया था कि 'बावी' के शनिवार तड़के जापान के साकिशिमा द्वीपों के बेहद करीब से गुजरने की संभावना है.

जापान एयरलाइंस ने शुक्रवार और शनिवार के लिए 100 से ज़्यादा फ़्लाइट्स रद्द कर दी, जिससे क़रीब 20 हजार यात्रियों पर असर पड़ा है.

मशहूर पर्यटन स्थल इशिगाकी द्वीप पर लोगों ने ज़रूरी सामान जमा करना शुरू कर दिया है. इसकी वजह से लोकल सुपरमार्केट में इंस्टेंट नूडल्स जैसी चीजों की कमी देखने को मिली.

कई सार्वजनिक समुद्र तट, तटीय पार्क और स्थानीय फेरी टर्मिनल भी बंद कर दिए गए. इशिगाकी में लोगों ने अपने घरों और दुकानों की खिड़कियों पर टेप लगा दिए और तेज हवाओं से बचाव के लिए विंडप्रूफ नेट का भी इस्तेमाल किया.

रॉयटर्स के अनुसार, ताइवान की एयरलाइंस ने ताइपे के पास स्थित ताओयुआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शनिवार की सभी फ़्लाइट्स रद्द कर दी हैं.

हांगकांग की प्रमुख एयरलाइन कैथे पैसिफिक एयरवेज ने भी हांगकांग और ताइवान के बीच विकेंड की सभी फ़्लाइट्स रद्द कर दी हैं.

इसके अलावा, पूर्वी चीन के तटीय शहरों हांगझोउ, निंगबो और फूझोउ जाने वाली कुछ फ़्लाइट्स भी रद्द की गई हैं.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)