टी-20 वर्ल्ड कप: भारत ने नामीबिया को 93 रन से हराया, किशन-हार्दिक के बाद वरुण ने गेंदबाजी में किया कमाल

वरुण चक्रवर्ती
इमेज कैप्शन, भारत ने वर्ल्ड कप में लगातार दूसरी जीत दर्ज की
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 4 मिनट

टी-20 वर्ल्ड कप के 18वें मुकाबले में भारत ने नामीबिया को 93 रन से हराया.

भारत के 209 रन के जवाब में नामीबिया की पारी 18.2 ओवर में 116 रन पर ही सिमट गई.

वरुण चक्रवर्ती तीन विकेट लेकर भारत के सबसे कामयाब गेंदबाज बने. वहीं हार्दिक और अक्षर को दो-दो विकेट मिले.

इससे पहले भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 209 रन बनाए.

ईशान किशन ने 24 गेंद में 61 रन की शानदार पारी खेलकर भारत के लिए अच्छी शुरुआत की नींव रखी.

इसके बाद हार्दिक पंड्या ने 52 रन की पारी खेलकर भारत को इस स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

हार्दिक पंड्या को अपने ऑलराउंड खेल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में नामीबिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था.

हालांकि भारत ने पहले मैच में अमेरिका को हराने के बावजूद प्लेइंग 11 में दो बदलाव किए. बीमार होने की वजह से ओपनर अभिषेक शर्मा इस मैच का हिस्सा नहीं बन पाए. उनकी जगह पर संजू सैमसन की वापसी हुई.

वहीं मोहम्मद सिराज के स्थान पर जसप्रीत बुमराह की प्लेइंग 11 में वापसी हुई.

ईशान किशन की धमाकेदार फिफ्टी

ईशान किशन
इमेज कैप्शन, किशन ने 61 रन की पारी के दौरान लगातार चार छक्के भी लगाए
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
दिनभर
Dinbhar: आवाज़ वही, अंदाज़ नया

देश - दुनिया की बड़ी ख़बरें जिन्होंने बटोरी सुर्खियां.

एपिसोड

समाप्त

संजू सैमसन ने ईशान किशन के साथ मिलकर भारत को तेज तर्रार शुरुआत दिलाने की कोशिश की. संजू ने 8 गेंद में 22 रन की पारी खेली. उनकी पारी में तीन छक्के और एक चौका शामिल रहे.

लेकिन दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर बेन शिकोंगो ने संजू का विकेट लेकर पवेलियन वापस भेज दिया. हालांकि इसके बाद ईशान किशन ने तिलक वर्मा के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और 4.3 ओवर में ही भारत का स्कोर 50 के पार पहुंच गया.

ईशान किशन ने छठे ओवर की पहली गेंद खाली जाने के बाद लगातार चार छक्के जड़े. किशन ने 20 गेंद में ही अपनी फिफ्टी पूरी कर ली.

पहले पावरप्ले के बाद भारत का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 86 रन तक पहुंच गया. इसके बाद भी किशन ने तेज से रन बनाना जारी रखा और 7वें ओवर की पांचवीं गेंद पर भारत का स्कोर 100 के पार पहुंच गया. लेकिन किशन 8वें ओवर की पहली गेंद पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में बाउंड्री पर कैच आउट हो गए.

किशन ने 24 गेंद में 61 रन बनाए. उनका विकेट जेरार्ड इरास्मस ने लिया. इसके बाद पिछले मैच के हीरो कप्तान सूर्यकुमार यादव भी ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं पाए और 13 गेंद में 12 रन बनाकर स्टंप आउट हुए.

हार्दिक पंड्या ने संभाला मोर्चा

हार्दिक पंड्या
इमेज कैप्शन, हार्दिक पंड्या ने 27 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की

इसके बाद भारत के रनों की रफ्तार धीमी हुई. इसके बढ़ाने की कोशिश में तिलक वर्मा 21 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हो गए. भारत ने 11.5 ओवर में 124 के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए.

लेकिन इसके बाद हार्दिक पंड्या ने शिवम दुबे के साथ मिलकर रनों की रफ्तार को बढ़ाया. हार्दिक पंड्या ने 27 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया.

लेकिन फिफ्टी पूरी करते ही वो पवेलियन वापस लौट गए. पंड्या की 52 रन की पारी में चार चौके और चार छक्के शामिल रहे.

इसके तुरंत बाद शिवम दुबे 16 गेंद में 23 रन बनाकर रनआउट हो गए.

आखिरी दो ओवर्स में नामीबिया ने जोरदार वापसी की और भारत को महज 10 रन बनाने का ही मौका दिया. हालांकि बावजूद इसके भारत 20 ओवर्स में नौ विकेट गंवाकर 209 रन बनाने में जरूर कामयाब हो गया.

वहीं नामीबिया के कप्तान जेरार्ड इरास्मस ने चार ओवर में 20 रन देकर चार विकेट लिए.

भारत ने गेंदबाजी में भी किया कमाल

भारत
इमेज कैप्शन, वरुण के अलावा अक्षर और हार्दिक ने दो-दो विकेट लिए

भारत के 209 रन के जवाब में नामीबिया की शुरुआत अच्छी रही. नामीबिया के ओपनर्स ने पहले विकेट के लिए 3.4 ओवर में 34 रन जोड़े.

लेकिन अर्शदीप सिंह ने जैन फ्राइलिंक को बड़ी पारी खेलने से रोक दिया और उन्हें 22 के स्कोर पर आउट किया.

इसके बाद लॉरेन स्टीनकाम्प ने जैन निकोल के साथ मिलकर नामीबिया की पारी को आगे बढ़ाया और पावरप्ले के अंत तक टीम के स्कोर को 6 ओवर में 57 रन तक पहुंचा दिया.

लेकिन आठवें ओवर में गेंदबाजी करने आए वरुण चक्रवर्ती ने मैच में अपनी पहली गेंद पर ही लॉरेन को बोल्ड कर दिया. लॉरेन ने 29 रन की पारी खेली.

अपने अगले ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने नामीबिया के दो बल्लेबाजों को पवेलियन वापस भेजा. इसके बाद अक्षर पटेल ने 11वां ओवर मेडन फेंका और नामीबिया के एक और बल्लेबाज को पवेलियन वापस भेज दिया.

अच्छी शुरुआत के बाद नामीबिया की पारी ऐसी लड़खड़ाई कि 11 ओवर में आधी टीम पवेलियन वापस लौट गई. अपने अगले ओवर में अक्षर ने एक और विकेट लिया और 96 के स्कोर पर ही नामीबिया के छह बल्लेबाज पवेलियन वापस जा चुके थे. इसके बाद भारत की जीत महज औपचारिकता ही रह गई थी.

हार्दिक पंड्या ने दो विकेट लेकर नामीबिया को 116 रन पर ही रोकने में अहम भूमिका निभाई.

टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की यह लगातार दूसरी जीत है. अब 15 फरवरी को भारत का मुकाबला पाकिस्तान के साथ होगा.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.