ट्रंप की क़रीबी नैटली हार्प कौन, जिन्हें कहा जाता है 'गेटकीपर'

वीडियो कैप्शन, ट्रंप की क़रीबी नैटली हार्प कौन, जिन्हें कहा जाता है 'गेटकीपर'
ट्रंप की क़रीबी नैटली हार्प कौन, जिन्हें कहा जाता है 'गेटकीपर'
प्रकाशित

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सहयोगी नैटली हार्प एक बार फिर चर्चा में हैं. वजह है जॉर्जिया के सीनेटर और डेमोक्रेट जॉन ऑसॉफ़ का एक भाषण.

इस भाषण में उन्होंने ट्रंप की उस यात्रा पर निशाना साधा जो उन्होंने नैटली के साथ क़तर के अमीर से तोहफ़े में मिले विमान से की थी.

लेकिन सवाल है कि आख़िर नैटली हार्प हैं कौन और उनकी इतनी चर्चा क्यों है?

दरअसल, 35 साल की नैटली हाल के सालों में ट्रंप के करीबियों में से एक होकर उभरी हैं. उन्हें ट्रंप के ट्रुथ सोशल पोस्ट समेत कई अहम ज़िम्मेदारियों के लिए भरोसेमंद माना जाता है.

कैलिफ़ोर्निया में जन्मी और रूढ़िवादी ईसाई परिवार से आने वाली नैटली को 'गेटकीपर' और 'कम्फर्ट ब्लैंकेट' दोनों कहा गया है.

वह ट्रंप को अपनी जान बचाने का श्रेय देकर सुर्खियों में आई थीं. ट्रंप के पहले कार्यकाल में 'राइट टू ट्राई एक्ट' पारित हुआ था, जिससे कुछ मरीजों को एक्सपेरिमेंटल इलाज का फ़ायदा मिल सके. नैटली अपनी हड्डी के कैंसर से राहत के लिए इस तरह का इलाज करा रही थीं.

इस अनुभव के बारे में बात करके उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के ट्रंप समर्थक धड़े में तेज़ी से पहचान और लोकप्रियता हासिल की. इसके कुछ समय बाद वह ट्रंप के 2020 के दोबारा चुनाव प्रचार अभियान के सलाहकार बोर्ड में शामिल हो गईं.

इसके बाद उन्होंने शो होस्ट का काम किया और फिर 2022 में नौकरी छोड़कर ट्रंप के अगले राष्ट्रपति चुनाव प्रचार अभियान में शामिल हो गईं.

व्हाइट हाउस में हार्प का आधिकारिक पद राष्ट्रपति की एग्ज़ीक्यूटिव असिस्टेंट का है. इसके तहत व्यवस्थाएं संभालना, कार्यक्रम तय करना, ख़बरों को देखना और सेक्रेटरी वाले रोज़मर्रा के काम शामिल होते हैं.

हालांकि, हार्प ने इस भूमिका को नए मायने दिए हैं और उनकी पहचान इस पद पर काम करने वाले पहले के अधिकारियों की तुलना में कहीं ज़्यादा है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.