कोच्चि में आज से शुरू होगी वनडे की जंग

महेंद्र सिंह धोनी और फ्लेचर
    • Author, आदेश कुमार गुप्त
    • पदनाम, खेल पत्रकार, बीबीसी हिन्दी डॉटकॉम के लिए
  • प्रकाशित

इंग्लैंड का निराशाजनक दौरा भूलकर भारतीय क्रिकेट टीम एक बार फिर अंतराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने को तैयार है. इस बार मुक़ाबले घरेलू मैदान पर होंगे और सामने होगी वेस्टइंडीज.

दोनों टीमें बुधवार को कोच्चि में पहला एकदिवसीय मैच खेलने उतरेंगी. भारत की कमान महेंद्र सिंह धोनी, तो वेस्टइंडीज़ की कमान ड्वेन ब्रावो के हाथों में होगी.

इंग्लैंड के हाथों टेस्ट सिरीज़ में करारी मात के बाद भारत ने एकदिवसीय सिरीज़ को 3-1 से अपने नाम किया था.

इससे पता चलता कि भारतीय खिलाड़ी एकदिवसीय क्रिकेट बेहतर अंदाज़ में खेलते हैं.

भारत का पलड़ा भारी

भारतीय टीम में धोनी के अलावा सुरेश रैना, शिखर धवन, अजिंक्य रहाणे, विराट कोहली, अंबटी रायडू जैसे बल्लेबाज़ हैं तो आलराउंडर के रूप में रवींद्र जडेजा और तेज़ गेंदबाज़ मोहित शर्मा और भुवनेश्वर कुमार तथा स्पिनर अमित मिश्रा हैं.

फ़ाइल फोटो
इमेज कैप्शन, भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच वनडे सिरीज़ में पांच मुक़ाबले खेले जाएंगे.

दूसरी तरफ वेस्टइंडीज़ को भारत आने से पहले ही बड़ा झटका तब लगा जब उसके सबसे आक्रामक बल्लेबाज़ क्रिस गेल चोट के कारण सिरीज़ से बाहर हो गए.

इसके अलावा, स्पिनर सुनील नारायण भी संदिग्ध गेंदबाज़ी एक्शन के कारण वापस वेस्टइंडीज़ लौट चुके हैं. इससे टीम की ताक़त और आकर्षण दोनो में ज़बरदस्त कमी आई है.

मेहमान अभ्यास मैच हारे

अब टीम का सारा दारोमदार ड्वेन ब्रावो, केरॉन पोलार्ड, अनुभवी आलराउंडर रवि रामपॉल, विकेटकीपर बल्लेबाज़ दिनेश रामदीन और मर्लॉन सैमुअल्स पर आ गया है.

वेस्टइंडीज़ को दो एकदिवसीय अभ्यास मैच खेलने का अवसर भी मिला लेकिन उसमें उसे भारत ए के हाथों हार का सामना करना पडा. दूसरे अभ्यास मैच में दिनेश रामदीन ने शतक बनाकर ज़रूर कुछ संघर्ष किया.

ड्वेन ब्रावो

भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज़ विजय दहिया मानते हैं कि भारत को घरेलू एकदिवसीय सिरीज़ में हराना वेस्टइंडीज़ के लिए मुश्किल होगा. वैसे वेस्टइंडीज़ और पाकिस्तान एकदिवसीय क्रिकेट में किसी भी दिन बड़ा उलटफ़ेर करने की क्षमता रखती हैं.

भारत की कोशिश पांचों वनडे मैच जीतकर अपनी रेटिंग 116 पहुंचाने और नंबर एक का रूतबा बरकरार रखने की होगी.

वैसे कोच्चि में होने वाले मुक़ाबले पर बारिश का साया भी मंडरा रहा है.

<bold>(बीबीसी हिंदी का एंड्रॉयड मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml" platform="highweb"/></link> करें. आप ख़बरें पढ़ने और अपनी राय देने के लिए हमारे <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> पन्ने पर भी आ सकते हैं और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>