रेमंड डेविस पर दो हत्याओं का अभियोग

रेमंड डेविस
इमेज कैप्शन, रेमंड डेविस का कहना है कि उन्होंने आत्मरक्षा में गोली चलाई थी.
प्रकाशित

पाकिस्तान में लाहौर की एक अदालत ने अमरीकी नागरिक रेमंड डेविस पर दो हत्याओं का अभियोग लगाया है.

अमरीकी ख़ुफ़िया एजेंसी 'सीआईए' के कॉन्ट्रेक्टर रेमंड डेविस ने 27 जनवरी को लाहौर में दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी.

डेविस का कहना था कि ये लोग उनसे लूटपाट करने की कोशिश कर रहे थे.

डेविस के अनुसार उन्होंने आत्मरक्षा में गोली चलाई थी इसलिए उन्हें अमरीका वापस भेज देना चाहिए.

एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि सुरक्षा कारणों की वजह से रेमंड डेविस पर मुक़दमा उसी जेल में चलाया जाएगा जहां वो क़ैद हैं.

रेमंड डेविस मामले के कारण पाकिस्तान और अमरीका के बीच संबंध काफ़ी तनावग्रस्त हो गए हैं.

पाकिस्तान अमरीका की तालिबान के ख़िलाफ़ लड़ाई में एक अहम सहयोगी है.

रेमंड डेविस को अगर दोषी पाया जाता है तो उन्हें पाकिस्तानी क़ानून के मुताबिक मृत्युदंड दिया जा सकता है.