मणिपुर: कुकी पीपुल्स अलायंस ने बीजेपी सरकार से समर्थन वापस लिया
- Author, पिनाकी दास
- पदनाम, अगरतला से, बीबीसी हिंदी के लिए
कुकी पीपुल्स अलायंस (केपीए) ने मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के नेतृत्व वाली मणिपुर सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया है.
मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके को भेजे एक पत्र में केपीए अध्यक्ष तोंगमांग हाओकिप ने कहा कि मौजूदा स्थिति के कारण, प्रदेश सरकार के लिए समर्थन जारी रखने का कोई मतलब नहीं रह गया है. ऐसे में केपीए मणिपुर सरकार से अपना समर्थन वापस लेता है.
हालांकि, केपीए के दो विधायकों (किम्नेओ हैंगशिंग और चिनलुनथांग) द्वारा समर्थन वापस लेने के बावजूद, मणिपुर में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर ख़ास असर पड़ने की संभावना नहीं है.
यहां की 60 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी के 32 विधायक हैं और वर्तमान सरकार को नेशनल पीपुल्स पार्टी के 7 विधायक, जनता दल (यूनाइटेड) के 6 विधायक, नागा पीपुल्स फ्रंट के 5 विधायक और दो निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन प्राप्त है.