लाइव, आईपीएल 2026: आरसीबी की जीत के बाद शुभमन गिल ने इंस्टा पर ये लिखा

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का फ़ाइनल मुक़ाबला जीतकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने लगातार दूसरे सीज़न का ख़िताब अपने नाम कर लिया है. आरसीबी ने गुजरात टाइटंस (जीटी) को 5 विकेट से हराया.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. आईपीएल 2026: आरसीबी की जीत के बाद शुभमन गिल ने इंस्टा पर ये लिखा

    शुभमन गिल

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, शुभमन गिल फ़ाइनल मुक़ाबले में 0 रन बनाकर आउट हो गए थे

    इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का फ़ाइनल मुक़ाबला जीतकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने लगातार दूसरे सीज़न का ख़िताब अपने नाम कर लिया है. आरसीबी ने गुजरात टाइटंस (जीटी) को 5 विकेट से हराया.

    गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने आरसीबी को बधाई दी है.

    गिल ने अपने इंस्टाग्राम पर स्टोरी पोस्ट करते हुए लिखा, "आरसीबी ने बहुत निडर होकर खेला और वे सफलता के हक़दार हैं."

    फ़ाइनल मुक़ाबले में आरसीबी के सामने शुभमन गिल 10 रन बनाकर आउट हो गए थे. जोश हेज़लवुड ने तीसरे ओवर में गिल का विकेट लिया.

    आईपीएल के इस सीज़न में शुभमन गिल के नाम कुल 722 रन हैं, जीटी को फ़ाइनल तक लाने में उनका अहम योगदान रहा है.

    शुभमन गिल की इंस्टा स्टोरी

    इमेज स्रोत, Instagram/shubmangill

    इमेज कैप्शन, शुभमन गिल ने इंस्टाग्राम पर यह स्टोरी पोस्ट की
  2. कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुआ महंगा, अब इतनी हो गई क़ीमत

    सिलेंडर

    इमेज स्रोत, Praful Gangurde/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिल्ली में कॉमर्शियल सिलेंडर 3113.50 रुपए में मिल रहा है

    कॉमर्शियलसिलेंडर की क़ीमतों में आज यानी 1 जून से इज़ाफ़ा हुआ है. भारत की सबसे बड़ी सरकारी रिफ़ाइनर कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की क़ीमत 42 रुपये बढ़ा दी है.

    समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक़, पांच किलो वाले फ़्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की क़ीमतों में भी 11 रुपए का इज़ाफ़ा किया गया है.

    दिल्ली में कॉमर्शियल सिलेंडर 3113.50 रुपए में मिल रहा है. जबकि पांच किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की क़ीमत 821 रुपये हो गई है.

    हालांकि, घरेलू सिलेंडरों के दामों में किसी तरह की वृद्धि नहीं हुई है.

    पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने शुक्रवार कहा था कि सरकार ईंधन सुरक्षा को मज़बूत करने के लिए रणनीतिक भंडार बना रही है और लगातार सप्लाई सुनिश्चित कर रही है.

    उन्होंने यह भी बताया कि जमाख़ोरी के ख़िलाफ़ क़दम लगातार उठाए जा रहे हैं.

  3. वैभव सूर्यवंशी ने पांच अवॉर्ड जीतने के बाद भी क्यों कहा- दबाव महसूस कर रहा हूं

    वैभव सूर्यवंशी

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी ने सीज़न में सबसे अधिक 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप का टाइटल जीता है

    रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरे सीज़न में आईपीएल का ख़िताब अपने नाम कर लिया. हालाँकि इस सीज़न में सबसे अधिक चर्चा में राजस्थान रॉयल्स के प्लेयर वैभव सूर्यवंशी रहे.

    वैभव सूर्यवंशी ने सीज़न में सबसे अधिक 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप का टाइटल जीता है. उन्होंने मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर, मोस्‍ट सिक्‍स अवॉर्ड और सुपर स्ट्राइकर ऑफ़ द सीज़न समेत कुल 5 अवॉर्ड जीते.

    मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर का अवॉर्ड मिलने पर वैभव सूर्यवंशी ने प्रेज़ेंटेशन सेरेमनी में कहा, "अच्छा लग रहा है लेकिन इंटरव्यू देने में थोड़ा दबाव महसूस कर रहा हूं."

    वैभव सूर्यवंशी ने रवि शास्त्री से बातचीत में कहा, "इस सीज़न में सीखा कि प्रेशर के गेम में कैसे खेलना है, अपने गेम को कब किस तरीक़े से चेंज करना है."

    उन्होंने कहा, "हर गेम में आप एक मोड में नहीं खेल सकते. आपको गेम के सिचुएशन को रीड करके खेलना पड़ेगा और टीम की क्या ज़रूरत है उसके हिसाब से खेलना पड़ेगा."

  4. म्यांमार: भीषण धमाके में 55 लोगों की मौत, अब तक क्या-क्या पता है, पैट्रिक जैक्सन और बीबीसी बर्मीज़

    क्षतिग्रस्त मकान

    इमेज स्रोत, Shwe Phee Myay

    इमेज कैप्शन, टीएनएलए ने कहा कि ख़दान और पत्थर तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले विस्फ़ोटक फ़ट गए, इस कारण यह हादसा हुआ (फ़ाइल फ़ोटो)

    म्यांमार में रविवार को हुए एक भीषण धमाके में 55 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए हैं. यह उस इलाक़े में हुई है जो विद्रोहियों के क़ब्ज़े में है.

    शान राज्य में नामख़ाम टाउनशिप में हुई इस घटना के बारे में एक सूत्र ने बताया कि 25 महिलाएँ और 30 पुरुष मारे गए. कुछ अन्य रिपोर्टों में अलग-अलग आँकड़े दिए गए हैं.

    इस इलाक़े पर नियंत्रण रखने वाले समूह और सेना के ख़िलाफ़ लड़ रहे ताआंग नेशनल लिबरेशन आर्मी (टीएनएलए) ने कहा कि ख़दान और पत्थर तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले विस्फ़ोटक फट गए, इस कारण यह हादसा हुआ.

    टीएनएलए के बयान के मुताबिक़ यह 'अनजाने में हुआ धमाका' रविवार को दोपहर 12:00 बजे हुआ.

    टीएनएलए ने कहा, "इस धमाके की वजह से कई गाँव के लोगों की जान गई, लोग घायल हुए और उनके घरों को नुक़सान पहुँचा."

    एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर लिखा कि शुरुआत में कई लोगों को लगा यह हवाई हमला है.

    उसने लिखा, "क़िस्मत से मेरे फ़ोन ने मेरी जान बचा ली. मैं अपने कमरे में बैठकर नूडल्स खा रहा था और फ़ोन देख रहा था. अगर मैं रसोई में होता तो शायद ज़िंदा न रहता."

    उसने बताया कि उसके पैर में हल्की चोट आई और उसका घर भी तबाह हो गया. उसने लिखा, "लोग रो रहे थे, अपने माँ-बाप को पुकार रहे थे. ऐसा लग रहा था जैसे दुनिया ख़त्म हो गई हो."

    उसने सवाल उठाया कि रिहायशी इलाक़े के पास विस्फ़ोटक चलाने की इजाज़त क्यों दी गई. उसने कहा कि जिनके परिवार के लोग मरे हैं, वे तब तक संतुष्ट नहीं होंगे जब तक अधिकारी पूरी तरह से सफ़ाई नहीं देंगे.

    एएफ़पी के मुताबिक़ देश के कई विद्रोही ग्रुप अपने अभियान चलाने के लिए कीमती खनिजों की ख़दानों पर निर्भर रहते हैं. सुरक्षा के ढीले इंतज़ामों की वजह से ख़दान धँसने की घटनाएं और ऐसे हादसे होते हैं.

  5. आईपीएल 2026: आरसीबी की जीत के बाद कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार क्यों बोले- हमारे साथ नाइंसाफ़ी हुई

    डीके शिवकुमार

    इमेज स्रोत, Arijit Sen/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, गुजरात के मैदान पर फ़ाइनल मुक़ाबला होने से नाराज़ हैं डीके शिवकुमार (फ़ाइल फ़ोटो)

    इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के फ़ाइनल मुक़ाबले में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने जीत हासिल कर ट्रॉफ़ी अपने नाम कर ली. हालांकि, कांग्रेस के नेता डीके शिवकुमार ने कहा है कि कर्नाटक के साथ नाइंसाफ़ी हुई है.

    शिवकुमार ने पत्रकारों से बातचीत में आयोजकों से फ़ाइनल का मैदान गुजरात में बदले जाने से नाराज़गी जताई.

    उन्होंने कहा, "आईपीएल का फ़ाइनल मैच बेंगलुरु में होना चाहिए था. हमारे साथ नाइंसाफ़ी हुई है. राजनीति की वजह से इसे दूसरे मैदान पर कराया गया. मैं इस पर ज़्यादा नहीं बोलूंगा."

    उन्होंने आगे कहा, "मैं आरसीबी के सभी फ़ैन्स और कर्नाटक सरकार की तरफ़ से उन्हें बधाई देता हूं."

    इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर भी टीम को बधाई देते हुए लिखा, "आरसीबी ने इतिहास रच दिया है, लगातार दूसरा आईपीएल ख़िताब जीतकर. हिम्मत, संतुलन और सच्चे चैंपियनों के जज़्बे के साथ टीम ने एक बार फिर बेंगलुरु को गर्व महसूस कराया."

    गौरतलब है कि गुजरात टाइटंस के साथ हुए मुक़ाबले में आरसीबी ने पांच विकेट से जीत दर्ज की.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.