धर्मेंद्र प्रधान पर बोले नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी, 'फिर मुलाक़ात होगी'

इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images
केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े के बाद इस मंत्रालय का प्रभार प्रह्लाद जोशी को मिला है. नई ज़िम्मेदारी मिलने पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद किया.
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, "मुझे पता चला है कि प्रधानमंत्री ने मुझे यह ज़िम्मेदारी दी है. मैं इस ज़िम्मेदारी को कर्तव्य और विनम्रता के साथ स्वीकार करता हूं और प्रधानमंत्री का धन्यवाद करता हूं."
उन्होंने आगे कहा, "मोदी सरकार के पिछले 12 साल में कई ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल हुई हैं. मैं पीएम के मार्गदर्शन में अपनी पूरी क्षमता के साथ काम करने की कोशिश करूंगा."
प्रह्लाद जोशी ने अपने एक्स हैंडल पर किए गए एक पोस्ट में धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल का ज़िक्र भी किया. उन्होंने कहा, "धर्मेंद्र प्रधान जी का राजनीतिक सफ़र कई दशकों तक रहा है. देश के विकास के लिए उनकी प्रतिबद्धता हमेशा याद रखी जाएगी."
जोशी ने लिखा, "उनके (धर्मेंद्र प्रधान) कार्यकाल में नई शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 को सफलतापूर्वक लागू किया गया. इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में 100 से ज़्यादा छोटे और बड़े सुधार किए गए. देशहित को सबसे ऊपर रखते हुए प्रधान जी का पद छोड़ने का फ़ैसला, देश के विकास में उनके योगदान को किसी भी तरह से नहीं रोक सकता."
उन्होंने लिखा, "देश के विकास के रास्ते पर हमारी मुलाक़ात फिर होगी."
गौरतलब है कि प्रह्लाद जोशी फ़िलहाल उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री हैं और उनके पास नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय भी है.








