अंकिता भंडारी हत्याकांड: पवन खेड़ा का सवाल- 'आप किसे बचा रहे हैं, थोड़ा इंतज़ार तो कर लेते'

इमेज स्रोत, Getty Images
उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में दिल्ली के इंडिया गेट पर धरने पर बैठे उनके माता-पिता से मिलने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पहुंचे.
अंकिता के माता-पिता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के ख़िलाफ़ धरने पर बैठे हैं.
इस दौरान कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा, “आपने उन्हें इम्युनिटी दे दी. आप सीबीआई जांच का इंतज़ार भी नहीं कर रहे हैं. इसे इतनी जल्दी ख़त्म करने का क्या दबाव है? आप किसे बचा रहे हैं? क्या कोई और भी है, जिसे आपको बचाना है? यहां किसे ब्लैकमेल किया जा रहा है, जो आपको किसी को ऊंचे पद पर बिठाने के लिए मजबूर कर रहा है, सिर्फ़ इसलिए कि उन्हें इम्युनिटी दी जा सके?”
सोमवार, 12 अक्तूबर को राष्ट्रपति भवन से जारी प्रेस रिलीज़ में बताया गया था कि दुष्यंत गौतम को सिक्किम का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है.
अंकिता भंडारी पौड़ी गढ़वाल ज़िले के गंगा-भोगपुर क्षेत्र स्थित वनंतरा टूरिस्ट रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थीं. आरोपों के मुताबिक़, साल 2022 में बलात्कार के बाद उनकी हत्या कर दी गई थी.
इस मामले में अपना नाम सामने आने के बाद बीजेपी के तत्कालीन राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने अपने ऊपर लगे आरोपों को ख़ारिज करते हुए एफ़आईआर दर्ज कराई थी.
देहरादून के डालनवाला थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, दुष्यंत गौतम ने आरोप लगाया था कि हरिद्वार के ज्वालापुर से पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने अन्य अज्ञात लोगों के साथ मिलकर उनके ख़िलाफ़ सुनियोजित आपराधिक साज़िश रची थी.

























