लाइव, लोकसभा के पूर्व महासचिव सुभाष कश्यप का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

सुभाष कश्यप लोकसभा के सातवें, आठवें और नौवें कार्यकाल के दौरान इसके महासचिव रहे थे.

सारांश

  • पीएम मोदी मेरे अच्छे दोस्त, भारत के साथ ट्रेड डील जल्द होने की उम्मीद- ट्रंप
  • लोकसभा के पूर्व महासचिव सुभाष कश्यप का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक
  • यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन को आमने-सामने की बातचीत का प्रस्ताव दिया
  • कांग्रेस पार्टी ने पवन खेड़ा को कर्नाटक से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े

  1. लोकसभा के पूर्व महासचिव सुभाष कश्यप का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

    सुभाष कश्यप

    इमेज स्रोत, @VPIndia

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा के पूर्व महासचिव और संविधान विशेषज्ञ सुभाष कश्यप के निधन पर शोक जताया है.

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "डॉक्टर सुभाष सी कश्यप के निधन से गहरा दुख हुआ, जिन्होंने लोकसभा के महासचिव के रूप में काम किया था. वे भारत के अग्रणी संवैधानिक विद्वानों में से एक थे, जिनका संसदीय और संवैधानिक विमर्श में योगदान हमारे समाज को समृद्ध करने वाला रहा."

    पीएम मोदी ने लिखा, "उनके लेखन और लोकतांत्रिक संस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उल्लेखनीय थी. उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदनाएँ."

    सुभाष कश्यप के निधन पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति समेत कई अन्य नेताओं ने भी शोक जताया है.

    97 साल के सुभाष कश्यप कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे. उन्हें भारतीय संविधान के विशेषज्ञ के तौर पर जाना जाता था. उन्होंने इस पर किताब भी लिखी है.

    सुभाष कश्यप लोकसभा के सातवें, आठवें और नौवें कार्यकाल के दौरान इसके महासचिव रहे थे.

    वे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में 'वन नेशन वन इलेक्शन' यानी 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' की संभावना पर विचार करने के लिए बनाई गई उच्चस्तरीय समिति के सदस्य भी थे.

  2. पीएम मोदी मेरे अच्छे दोस्त, भारत के साथ ट्रेड डील जल्द होने की उम्मीद- ट्रंप

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी उनके अच्छे दोस्त हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता हो जाएगा.

    ट्रेड डील को लेकर उन्होंने कहा, ”हम एक समझौते पर पहुँच जाएँगे, क्योंकि मुझे प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) बहुत पसंद हैं. वे मेरे अच्छे दोस्त हैं और हमारी आपस में अच्छी बनती है. हमारे रिश्ते बहुत अच्छे हैं."

    हालांकि एक बार ट्रंप ने फिर दोहराया कि 'भारत ने अमेरिका पर बहुत ज़्यादा टैरिफ़ लगाए और इसके बदले अमेरिका को कुछ नहीं मिला.'

    व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा,"सालों तक भारत ने अमेरिका का फ़ायदा उठाया... उन्होंने हम पर बहुत ज़्यादा टैरिफ़ लगाए और बदले में कुछ नहीं दिया. अब स्थिति बिल्कुल विपरीत है. अब हम भारत से काफ़ी पैसा कमा रहे हैं.”

    ग़ौरतलब है कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर बातचीत लंबे समय से जारी है लेकिन अभी तक कोई घोषणा नहीं हुई है.

  3. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.