टैरिफ़ पर तनाव के बीच एस. जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मुलाक़ात की

अगस्त में भारत पर 50 फ़ीसदी अमेरिकी टैरिफ़ लागू होने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली मुलाक़ात है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और अंशुल सिंह

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अंशुल सिंह को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. टैरिफ़ पर तनाव के बीच एस. जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मुलाक़ात की

    जयशंकर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, जयशंकर और रूबियो की पिछली मुलाकात जुलाई में वॉशिंगटन में हुई थी

    भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मुलाक़ात की है.

    अगस्त में भारत पर 50 फ़ीसदी अमेरिकी टैरिफ़ लागू होने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली मुलाक़ात है.

    अमेरिका का कहना था कि यह क़दम भारत की ओर से रूसी तेल के आयात को जारी रखने के जवाब में उठाया गया है. इसके बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने फ़ैसले को ''अनुचित, अकारण और तर्कहीन" बताया था.

    अब यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एच-1बी वीजा आवेदनों पर एक लाख डॉलर (क़रीब 88 लाख रुपये) फ़ीस लगाने की घोषणा की है. इसके अलावा भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता भी चल रही है.

    भारतीय विदेश मंत्री अमेरिका के न्यूयॉर्क में 80वें संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र में हिस्सा लेने पहुंचे हैं.

  3. छत्तीसगढ़: सुरक्षा बलों ने दो माओवादियों को मुठभेड़ में मारने का दावा किया, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    माओवादी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    छत्तीसगढ़ में माओवादियों का सबसे चर्चित नाम और सीपीआई माओवादी की केंद्रीय समिति के सदस्य गुड्सा उसेंडी उर्फ विकल्प को सुरक्षा बलों ने एक मुठभेड़ में मारने का दावा किया है.

    इस मुठभेड़ में माओवादियों की केंद्रीय समिति के एक और सदस्य कोसा दादा उर्फ कादरी सत्यनारायण रेड्डी के भी मारे जाने की बात कही गई है.

    नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया के अनुसार छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र की अंतर्राज्यीय सीमा क्षेत्र स्थित अबूझमाड़ इलाके़ में माओवादी गतिविधियों की सूचना पर सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन चलाया था. इस दौरान सोमवार की सुबह माओवादियों के साथ मुठभेड़ हुई. जिसके बाद मौके़ से दो संदिग्ध माओवादियों के शव बरामद किए गए.

    पुलिस के अनुसार मारे गए माओवादियों की पहचान 63 साल के गुड्सा उसेंडी उर्फ विकल्प और 67 साल के कोसा दादा ऊर्फ कादरी सत्यनारायण रेड्डी के रुप में हुई है. दोनों ही माओवादियों की केंद्रीय समिति के सदस्य थे.

    गुड्सा उसेंडी उर्फ विकल्प को माओवादियों के सबसे चर्चित प्रवक्ता के तौर पर जाना जाता था. अख़बारों में लेख लिखने से लेकर माओवादी आंदोलन को लेकर उठने वाले सवालों पर भी उनके जवाब चर्चा में रहते थे.

    इसी तरह कोसा ने भी लंबे समय तक माओवादी संगठन में प्रवक्ता के तौर पर काम किया.

    राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इन दोनों नक्सलियों के मारे जाने को छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के ख़ात्मे की दिशा में एक निर्णायक उपलब्धि बताया है.

    उन्होंने कहा, "अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 2 नक्सली न्यूट्रलाइज किए गए हैं. दोनों पर 40-40 लाख रुपये का इनाम घोषित था. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता केवल नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में एक निर्णायक पड़ाव ही नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ में शांति, सुरक्षा और विकास की प्रक्रिया को और भी गति प्रदान करती है."

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी के नेतृत्व में नक्सलवाद का अंत अब पहले से कहीं अधिक निकट और निश्चित होता दिखाई दे रहा है.

  4. 'गन सेलिब्रेशन' पर बोले पाकिस्तानी क्रिकेटर साहिबज़ादा फ़रहान, 'मुझे इसकी परवाह नहीं है'

    साहिबज़ादा फ़रहान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, साहिबज़ादा फ़रहान ने भारत के ख़िलाफ़ 58 रनों की पारी खेली थी.

    पाकिस्तान के बल्लेबाज़ साहिबज़ादा फ़रहान ने भारत के ख़िलाफ़ एशिया कप में अर्धशतक लगाने के बाद 'गन सेलिब्रेशन' किया था.

    दरअसल उन्होंने बैट को 'गन' की तरह हाथ में पकड़ा और आसमान की ओर उठाया था. इसके बाद सेलिब्रेशन में बल्ले से कुछ ऐसा संकेत दिया जो भारतीय प्रशंसकों को नागवार गुज़रा.

    अब इस सेलिब्रेशन पर साहिबज़ादा फ़रहान ने प्रतिक्रिया दी है. 23 सितंबर को पाकिस्तान की टीम को श्रीलंका के ख़िलाफ़ मैच खेलना है. इस मैच से पहले प्रेस कॉन्फ़्रेंस करने के लिए साहिबज़ादा फ़रहान आए थे.

    उन्होंने कहा, "मैं अर्धशतक लगाने के बाद सेलिब्रेशन बहुत कम करता हूं. दिमाग़ में अचानक से आया कि आज सेलिब्रेशन करते हैं और मैंने कर दिया. मुझे पता नहीं था कि लोग इसे कैसे लेंगे. मुझे इसकी परवाह नहीं है."

    हार्दिक पंड्या से नोंकझोंक के सवाल पर साहिबज़ादा फ़रहान ने कहा , "आपको पता है कि एग्रेसिव क्रिकेट खेलनी चाहिए, चाहे सामने इंडिया हो या कोई और टीम. हर टीम के ख़िलाफ़ एग्रेसिव क्रिकेट खेलनी चाहिए, जिस तरह से आज हम खेले."

    रविवार को भारत ने टी20 एशिया कप 'सुपर 4' मैच में पाकिस्तान को छह विकेट से हरा दिया. दुबई क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए मैच में पाकिस्तान ने भारत के सामने 172 रनों का लक्ष्य रखा था. भारत ने ये लक्ष्य 19वें ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया.

  5. हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय का दावा, '24 घंटों के भीतर 61 लोगों की इसराइली हमले में मौत'

    फ़लस्तीन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ग़ज़ा में अक्तूबर 2023 से इसराइल का 'सैन्य अभियान' जारी है

    पिछले 24 घंटों में ग़ज़ा में इसराइली हमलों में 61 फ़लस्तीनियों की मौत हुई है. यह जानकारी हमास की ओर से संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी है.

    मंत्रालय ने अपने टेलीग्राम अकाउंट पर एक बयान में कहा कि अक्तूबर 2023 से अब तक मरने वालों की कुल संख्या 65,344 हो गई है.

    इसराइली सेना ने ग़ज़ा में एक सैन्य अभियान शुरू किया. यह अभियान अक्तूबर 2023 में हुए हमास के हमले के जवाब में शुरू किया गया.

    तब हमास ने दक्षिणी इज़राइल पर हमला किया था, जिसमें लगभग 1,200 लोग मारे गए थे. इसके अलावा 251 लोगों को बंधक बना लिया गया था.

  6. पाकिस्तान: फ़र्ज़ी डिग्री मामले में पूर्व सांसद को सात साल की सज़ा

    जमशेद दस्ती

    इमेज स्रोत, FB/JAMSHED DASTI

    इमेज कैप्शन, जमशेद दस्ती (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान की संसद के निचले सदन नेशनल असेंबली के पूर्व सदस्य जमशेद दस्ती को फ़र्ज़ी डिग्री मामले में मुल्तान की एक स्थानीय अदालत ने सात साल की जेल की सज़ा सुनाई है.

    मुजफ्फरगढ़ से निर्वाचित पूर्व सांसद पर चुनाव लड़ने के लिए फ़ेक एजुकेशन सर्टिफ़िकेट देने का आरोप लगा था.

    चुनाव आयोग के अनुरोध पर अदालत ने सभी सबूतों और दलीलों को सुनने के बाद उन्हें दोषी ठहराया गया. यह मामला उनके ख़िलाफ़ कई सालों से लंबित था.

    अदालत ने फ़ैसला सुनाया कि जनता के प्रतिनिधियों का यह कर्तव्य है कि वे पारदर्शिता की शर्तों को पूरा करें और अगर वे ऐसा नहीं करते तो उनके ख़िलाफ़ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

    जमशेद दस्ती ने इस सज़ा के फै़सले को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है.

    अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक बयान में उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई उनके ख़िलाफ़ विरोधियों की साजिश है और उन्हें जानबूझकर चुनावी राजनीति से बाहर रखने की कोशिश की जा रही है.

  7. फ़लस्तीन को आज कौन-कौन से देश मान्यता देंगे

    फ़लस्तीन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने फ़लस्तीन को मान्यता देने की निंदा करते हुए इसे "आतंकवाद को बड़ा इनाम" बताया.

    रविवार को ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और पुर्तगाल ने आधिकारिक रूप से फ़लस्तीन को एक देश के तौर पर मान्यता दी है.

    सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन में और अधिक देशों की ओर से फ़लस्तीन को आधिकारिक रूप से मान्यता देने की उम्मीद है. ये देश हैं:

    • फ़्रांस
    • बेल्जियम
    • लक्ज़मबर्ग
    • एंडोरा
    • सैन मैरीनो
    • माल्टा

    संयुक्त राष्ट्र के 193 सदस्य देशों में से तीन चौथाई से अधिक पहले ही फ़लस्तीन को मान्यता दे चुके हैं. जिन देशों ने अब तक मान्यता नहीं दी है उनमें अमेरिका, इसराइल, इटली और जर्मनी शामिल हैं.

    न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफ़र लक्सन ने कहा कि वे इस पर विचार कर रहे हैं, लेकिन इस सप्ताह तक कोई निर्णय सार्वजनिक नहीं किया जाएगा.

  8. पीएम मोदी ने कहा, 'कांग्रेस ने अरुणाचल प्रदेश को नज़रअंदाज़ किया'

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, YT/NARENDRA MODI

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री का कहना है कि कांग्रेस सरकार के दौरान केंद्रीय मंत्री पूर्वोत्तर राज्यों के दौरे पर बहुत कम आते थे.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्वोत्तर के राज्य अरुणाचल प्रदेश के दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की आलोचना की है.

    अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "आज से, अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार लागू हो गए हैं और जीएसटी बचत उत्सव शुरू हो गया है. त्योहारों के इस अवसर पर लोगों को दोहरा लाभ मिला है."

    उन्होंने कहा, "आम तौर पर सूर्य की पहली किरणें अरुणाचल प्रदेश पर पड़ती हैं, लेकिन विकास की किरणें यहां तक पहुंचने में सालों लग गए. मैं 2014 से पहले भी यहां आ चुका हूँ, आपके साथ रह चुका हूं. प्रकृति ने अरुणाचल को बहुत कुछ दिया है- भूमि, लोग, क्षमता – बहुत कुछ है. लेकिन दिल्ली से देश चलाने वालों ने अरुणाचल को नज़रअंदाज़ किया. कांग्रेस को लगता था कि अरुणाचल में लोग कम हैं, सिर्फ दो लोकसभा सीटें हैं, तो इसे क्या महत्व देंगे?"

    प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां कांग्रेस के मंत्रियों के दौरे बहुत कम होते थे, वहीं अब मौजूदा सरकार के मंत्री 800 से ज़्यादा बार इस क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं.

    अरुणाचल प्रदेश में पीएम मोदी ने 5,100 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया.

  9. किम जोंग-उन ने ट्रंप से बातचीत की इच्छा जताई, लेकिन एक शर्त भी रखी

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, परमाणु हथियारों को लेकर ट्रंप और किम जोंग-उन के बीच असहमति है

    उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन का कहना है कि वह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात कर सकते हैं, अगर वह उत्तर कोरिया से परमाणु हथियार छोड़ने पर ज़ोर न दें.

    उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए के अनुसार, किम जोंग-उन ने कहा कि वह कभी भी प्रतिबंध हटाने के बदले अपने परमाणु हथियार नहीं छोड़ेंगे.

    केसीएनए के अनुसार किम जोंग-उन ने रविवार को सुप्रीम पीपल्स असेंबली में दिए गए भाषण में कहा, "व्यक्तिगत रूप से, मेरे ज़ेहन में अब भी डोनाल्ड ट्रंप के साथ अच्छी यादें हैं."

    दूसरी ओर, बीबीसी से बात करते हुए दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ने कहा है कि अगर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन परमाणु हथियार ख़त्म करने के बजाय उनके उत्पादन को रोकने पर सहमत होते हैं, तो वह इसे भी स्वीकार करने को तैयार हैं.

  10. हार के बाद ग़ुस्साए पाकिस्तानी फ़ैन ने कहा, 'आज के बाद टीम को सपोर्ट नहीं करेंगे', फ़रहत जावेद, बीबीसी संवाददाता, इस्लामाबाद से

    पाकिस्तान
    इमेज कैप्शन, 14 सितंबर वाले मुक़ाबले में भी भारत ने पाकिस्तान को हराया था.

    एशिया कप 2025 के सुपर-4 के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हरा दिया. मैच के बाद पाकिस्तानी टीम के फ़ैंस अपनी टीम के प्रदर्शन से नाराज़ दिखे.

    दुबई में जब मैच खेला जा रहा तो इस्लामाबाद में फ़ैंस टकटकी लगाकर इसे देख रहे थे और रोमांच चरम पर था. यह मैच 19वें ओवर तक गया था.

    बीबीसी से बातचीत में एक फै़न ने कहा, "अब क्या कहें? कोई फ़ाइट तो करते न. इतनी गंदी बॉलिंग की है कि ऐसा लग रहा था गली के लड़के खेल रहे हों."

    एक और फै़न ने कहा, "हमारी पाकिस्तान की टीम से उम्मीद ख़त्म हो चुकी है. मायूस हम पहले भी थे लेकिन आज तो बहुत बुरा हुआ. आज के बाद पाकिस्तान को सपोर्ट नहीं करेंगे."

    हालांकि कुछ फै़ंस इस बात से भी ख़ुश थे कि पाकिस्तान ने पिछली बार की तुलना में अच्छा प्रदर्शन किया और मैच आख़िरी ओवरों तक गया.

    देखें वीडियो-

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  11. उमर ख़ालिद समेत अन्य अभियुक्तों की ज़मानत याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस

    उमर ख़ालिद

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अभियुक्तों का कहना है कि उन्हें बिना मुक़दमे के पाँच साल से जेल में रखा गया है और अब तक ट्रायल शुरू नहीं हुआ है. (फ़ाइल फ़ोटो)

    सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली दंगों के अभियुक्तों की ज़मानत याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है.

    इन अभियुक्तों में उमर ख़ालिद, शरजील इमाम, मीरान हैदर, गुलफ़िशा फ़ातिमा और शिफ़ा-उर-रहमान शामिल हैं.

    जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एनवी अंजारिया की पीठ ने इस मामले की अगली सुनवाई 7 अक्तूबर को तय की है.

    वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल, अभिषेक मनु सिंघवी, सिद्धार्थ देव याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश हुए.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, सिंघवी ने कहा कि 'याचिकाकर्ता छात्र हैं और पांच साल से ज़्यादा समय से जेल में हैं. याचिकाकर्ताओं ने अंतरिम ज़मानत के लिए भी अर्ज़ी दायर की है.'

    उन्होंने अंतरिम ज़मानत अर्ज़ी पर भी नोटिस जारी करने का अनुरोध किया.

    जस्टिस कुमार ने कहा कि अदालत मुख्य याचिका का ही अंतिम रूप से निपटारा करेगी.

    ये याचिकाएं दिल्ली हाई कोर्ट की ओर से 2 सितंबर को दिए गए उस फै़सले के ख़िलाफ़ दायर की गई हैं जिसमें उनकी ज़मानत याचिकाएँ खारिज कर दी गई थीं.

  12. जयराम रमेश बोले, 'जीएसटी का विरोध करने वाले मोदी इक़लौते मुख्यमंत्री थे'

    जयराम रमेश

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, 22 सितंबर से जीएसटी की नई दरें लागू हो गई हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा.

    उन्होंने कहा कि जब मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने गुड्स एंड सर्विसेज़ टैक्स (जीएसटी) का विरोध किया था.

    जयराम रमेश ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "2006 से 2014 तक, आठ सालों तक सिर्फ़ एक मुख्यमंत्री ने जीएसटी का विरोध किया और वही मुख्यमंत्री 2014 में प्रधानमंत्री बने. फिर उन्होंने पलटी मारते हुए 2017 में खुद को जीएसटी का मसीहा बताना शुरू कर दिया."

    जयराम रमेश का कहना है, "जीएसटी जुलाई 2017 में पहली बार लागू हुआ. उसी समय राहुल गांधी और कांग्रेस ने इसे गब्बर सिंह टैक्स कहा था. यह न अच्छा है और न आसान. हमें पता था कि यह हमारी अर्थव्यवस्था के लिए नोटबंदी के बाद दूसरा झटका साबित होगा. सरकार ने आठ साल तक हमारी बात नहीं मानी और सुधार नहीं किए."

    रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की थी कि 22 सितंबर से नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी सुधार लागू होंगे और यह आत्मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में बड़ा क़दम है.

    देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा था, "नवरात्रि के पहले दिन सूर्योदय के साथ ही देश आत्मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में एक और बड़ा क़दम उठा रहा है. कल यानी 22 सितंबर को नवरात्रि के पहले दिन नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी सुधार लागू होंगे." प्रधानमंत्री ने कहा कि "बचत बढ़ने और खरीद आसान होने से गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, महिलाएं, व्यापारी और उद्यमी सभी को बड़ा लाभ होगा."

  13. फिलीपींस से 230 किलोमीटर की रफ़्तार से टकराएगा 'रगासा' तूफ़ान, भारी नुक़सान की आशंका, केली एनजी, सिंगापुर से

    फिलीपींस में तूफ़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रगासा तूफ़ान फिलीपींस के बाबुयान द्वीप से टकराएगा

    फिलीपींस में तूफ़ान की वजह से हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि यह तूफ़ान "विनाशकारी" हो सकता है.

    इस तूफ़ान को 'रगासा' नाम दिया गया है. यह 230 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से फिलीपींस की ओर बढ़ रहा है.

    सोमवार को रगासा तूफ़ान के उत्तरी द्वीपों तक पहुंचने का अनुमान है. इसके बाद यह पश्चिम में दक्षिण चीन की ओर आगे बढ़ेगा.

    फिलीपींस के मौसम विभाग का कहना है कि तूफ़ान की वजह से तीन मीटर (10 फ़ीट) ऊंची लहरें उठने की आशंका है.

    राजधानी मनीला समेत देश के कई इलाक़ों के स्कूलों और सरकारी दफ़्तरों को बंद कर दिया गया है. अधिकारियों ने बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी जारी की है. साथ ही बड़े पैमाने पर घरों और इमारतों को नुक़सान पहुंचने की आशंका जताई है.

    रगासा तूफ़ान फिलीपींस के बाबुयान द्वीप से टकराएगा. यहां क़रीब 20 हज़ार लोग रहते हैं.

    इस तूफ़ान के ताइवान से सीधा टकराने की संभावना नहीं है, लेकिन ताइवान के पूर्वी इलाक़े में भारी बारिश होने की आशंका है.

  14. अहमदाबाद विमान हादसे की शुरुआती जांच रिपोर्ट लीक होने पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट में एयर इंडिया विमान हादसे की स्वतंत्र जांच की मांग वाली एक जनहित याचिका की सुनवाई हुई (फ़ाइल फ़ोटो)

    सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को अहमदाबाद विमान हादसे की शुरुआती जांच रिपोर्ट के लीक होने पर चिंता जताई है. इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद मीडिया में ऐसे नैरेटिव बनाए गए थे कि यह हादसा पायलट की ग़लती की वजह से हुआ.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, सुप्रीम कोर्ट ने मौखिक तौर पर टिप्पणी की है कि शुरुआती जांच रिपोर्ट का सिलेक्टिव और टुकड़ों में प्रकाशन 'दुर्भाग्यपूर्ण' था. कोर्ट ने कहा कि जांच पूरी होने तक गोपनीयता बनाए रखना ज़रूरी है.

    जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस एन कोटिश्वर सिंह की बेंच एयर इंडिया विमान हादसे की कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच की मांग वाली एक जनहित याचिका की सुनवाई कर रही थी.

    इस दौरान जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि इस तरह से जानकारी को समय से पहले जारी करना उचित नहीं है.

    याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने पैरवी की. उन्होंने कोर्ट को बताया कि पायलटों और पीड़ितों के परिवारों ने उनसे संपर्क किया. शुरुआती रिपोर्ट में जो जानकारी दी गई, इन्होंने उस पर चिंता जताई.

    इस पर जस्टिस सूर्यकांत ने कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण था."

    उन्होंने कहा, "जानकारी को टुकड़ों में लीक करने के बजाय, जांच के तार्किक तौर पर निष्कर्ष तक पहुंचने तक गोपनीयता बनाए रखनी चाहिए थी."

    दरअसल, शुरुआती जांच रिपोर्ट में कहा गया था कि विमान के क्रैश होने से पहले एक पायलट ने दूसरे से पूछा था कि उन्होंने 'फ़्यूल स्विच क्यों बंद कर दिया'.

    जून महीने में अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान टेकऑफ़ के तुरंत बाद क्रैश हो गया था. इस हादसे में 260 लोगों की मौत हुई थी.

    संबंधित कहानियां:

  15. फ़लस्तीन को मान्यता देने के बाद ब्रिटेन ने इसराइल को दी यह चेतावनी, जेम्स लैंडेल और ओटिली मिशेल, बीबीसी न्यूज़

    यवेट कूपर
    इमेज कैप्शन, यवेट कूपर ने बीबीसी से ख़ास बातचीत की है

    ब्रिटेन की विदेश मंत्री यवेट कूपर ने कहा है कि उन्होंने इसराइल को वेस्ट बैंक के किसी भी हिस्से पर कब्ज़ा न करने की चेतावनी दी है.

    कूपर ने यह बयान बीबीसी से बातचीत में दिया. बीबीसी ने उनसे सवाल किया था कि क्या उन्हें इस बात की चिंता है कि फ़लस्तीन को मान्यता देने के बाद प्रतिक्रिया के तौर पर इसराइल पश्चिमी तट के कुछ हिस्सों पर कब्ज़ा करेगा?

    कूपर सोमवार को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन में शामिल होने जा रही हैं, जहां फ़्रांस और अन्य यूरोपीय देश भी फ़लस्तीन को मान्यता देने की घोषणा करने वाले हैं.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने रविवार को फ़लस्तीन को मान्यता देने का एलान किया. यह ब्रिटेन की नीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है. ब्रिटेन के साथ कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और पुर्तगाल ने भी फ़लस्तीन को मान्यता दी है.

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने फ़लस्तीन को मान्यता देने की निंदा करते हुए इसे "आतंकवाद को बड़ा इनाम" बताया.

    संबंधित कहानियां:

  16. भारत से हार के बाद शोएब अख़्तर ने पाकिस्तानी टीम पर उठाए ये सवाल

    शोएब अख़्तर

    इमेज स्रोत, Hamish Blair/Getty

    इमेज कैप्शन, शोएब अख़्तर ने कप्तान सलमान आग़ा के छह नंबर पर खेलने पर भी सवाल उठाया (फ़ाइल फ़ोटो)

    एशिया कप के सुपर-4 मुक़ाबले में भारत से मिली हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब अख़्तर ने टीम सिलेक्शन पर सवाल उठाए हैं.

    टैपमैड के एक कार्यक्रम में मैच का विश्लेषण करते हुए शोएब अख़्तर ने कहा कि 'पाकिस्तान ने ग़लत टीम सिलेक्ट की थी.'

    उन्होंने कहा, "एक तो टीम सिलेक्शन बुरी थी. हम जो कह रहे थे कि ये नहीं करो, उन्होंने वही किया. सही टीम के लिए सही टैलैंट चुनने की बात करें तो यह एक ख़राब मैनेजमेंट है. और यह नज़र आ गया कि कहां पर ग़लती हुई."

    शोएब अख़्तर ने गेंदबाज़ों के सिलेक्शन पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा, "ये सोच क्या रहे हैं? किस प्रोसेस के ज़रिए टीम सिलेक्ट कर रहे हैं? "

    उन्होंने कहा, "मुझे कोच पर बहुत हैरानगी हो रही है. कप्तान को तो वैसे ही कुछ पता नहीं है कि वो क्या कर रहा है बीच में, वो क्या कप्तानी कर रहा है और ख़ुद क्या खेल रहा है."

    अख़्तर ने कहा कि 'इस बारे में कोई बात नहीं कर रहा है लेकिन क्या वह जिस स्पॉट पर खेल रहे हैं, खेलना डिज़र्व करते हैं?'

    कप्तान सलमान आग़ा पर उन्होंने कहा, "वो छह नंबर पर बैटिंग करने आता है, वो क्या कर रहा है?"

    एशिया कप में रविवार को एक बार फिर पाकिस्तान को भारत से हार मिली है. पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत के सामने 172 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे भारतीय टीम ने 19वें ओवर में हासिल कर लिया.

    संबंधित कहानियां:

  17. फ़लस्तीन को मान्यता देने वाले नेताओं को नेतन्याहू के ये दो संदेश

    बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, NATHAN HOWARD/POOL/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, बिन्यामिन नेतन्याहू ने ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया की ओर से फ़लस्तीन को मान्यता देने के बाद कड़ी प्रतिक्रिया दी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया की ओर से फ़लस्तीन को देश के तौर पर मान्यता दिए जाने के बाद इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा कि वह अमेरिका से लौटने के बाद इसका जवाब देंगे.

    इसराइली प्रधानमंत्री के कार्यालय ने एक बयान जारी किया है. इसके मुताबिक़ नेतन्याहू ने कहा, "कोई फ़लस्तीनी देश नहीं होगा. हमारी ज़मीन के बीच, एक आतंकवादी देश को थोपने के हालिया प्रयास का जवाब मेरे अमेरिका से लौटने के बाद दिया जाएगा."

    उन्होंने कहा, "सात अक्तूबर के जनसंहार के बाद जो नेता ने फ़लस्तीन को देश के तौर पर मान्यता दे रहे हैं, उनके लिए मेरा स्पष्ट संदेश है कि आप आतंकवाद को बहुत बड़ा इनाम दे रहे हैं."

    "मेरे पास आपके लिए एक और संदेश है: यह संभव नहीं होगा. जॉर्डन नदी के पश्चिम में कोई भी फ़लस्तीनी देश नहीं होगा."

    रविवार को ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया ने आधिकारिक तौर पर फ़लस्तीन को मान्यता दी है. इसके बाद इसराइल के विदेश मंत्रालय ने कहा कि फ़लस्तीन को देश के तौर पर मान्यता देना "जिहादी हमास के लिए इनाम के अलावा कुछ नहीं है."

  18. भारत से हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान आग़ा ने टीम के प्रदर्शन पर क्या कहा?

    सलमान आग़ा

    इमेज स्रोत, Muhammad Sameer Ali/Getty

    इमेज कैप्शन, सलमान आग़ा ने कहा कि उनकी टीम की फ़ील्डिंग अच्छी नहीं रही है (फ़ाइल फ़ोटो)

    एशिया कप के सुपर-4 मुक़ाबले में भारत से हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान आग़ा ने अपनी टीम के प्रदर्शन पर बात की है.

    प्रेस कॉन्फ़्रेंस में पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए सलमान आग़ा ने कहा कि उनकी टीम को जैसा स्टार्ट मिला, उसके हिसाब से 180 रन से अधिक स्कोर करना चाहिए था.

    सलमान आग़ा ने कहा, "शुरुआती 10 ओवरों में हमें जैसा स्टार्ट मिला था मेरे ख़्याल हमें 10-15 रन ज़्यादा करने चाहिए थे. लेकिन यहां पर 10 ओवर के बाद बैटिंग करना इतना आसान नहीं है तो 170 भी चुनौतीपूर्ण स्कोर था."

    पाकिस्तानी कप्तान ने अपनी टीम की गेंदबाज़ी और फ़ील्डिंग पर भी बात की.

    एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "आप कह सकते हैं कि हमने फ़ील्डिंग बहुत अच्छी नहीं की है, लेकिन बल्लेबाज़ी में हमारा स्टार्ट अच्छा था. हम फ़िनिश अच्छा नहीं कर पाए. और बॉलिंग में हमने स्टार्ट अच्छा नहीं किया, लेकिन फ़िनिश फिर भी अच्छा किया."

    एशिया कप में पाकिस्तान को भारत के ख़िलाफ़ लगातार दूसरी हार मिली है. पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवरों में पांच विकेट के नुक़सान पर 171 रन बनाए.

    भारतीय टीम ने 19वें ओवर में ही मैच जीत लिया. 39 गेंदों में 74 रन बनाने वाले अभिषेक शर्मा प्लेयर ऑफ़ द मैच चुने गए.

    संबंधित कहानियां:

  19. राजनाथ सिंह ने मोरक्को में कहा- "पीओके अपने आप भारत में शामिल होगा"

    राजनाथ सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राजनाथ सिंह दो दिन के आधिकारिक दौरे पर मोरक्को गए हैं

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मोरक्को दौरे पर हैं. वहां भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर पर 'कब्ज़े के लिए हमला करने की ज़रूरत नहीं' है, वह 'भारत का हिस्सा' है.

    राजनाथ सिंह ने कहा, "पीओके अपने आप आएगा. पीओके में अब मांग होने लगी है. पांच साल पहले एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मैंने कहा था कि पीओके को हमला कर हड़पने की ज़रूरत नहीं है, वह हमारा है. पीओके के लोग स्वयं यह कहेंगे कि मैं भी भारत हूं. और वो दिन आने वाला है."

    भारतीय समुदाय से चर्चा में रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि वर्तमान में भारत की बात को दुनियाभर में सुना जाता है.

    राजनाथ सिंह ने कहा, "अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत का कद बढ़ा है. पहले इंटरनेशनल फ़ोरम में भारत कुछ बोलता था, तो भारत की बातों को जितना गंभीरतापूर्वक लेना चाहिए था, नहीं लिया जाता था."

    "आज, इंटरनेशनल फ़ोरम पर भारत कुछ बोलता है तो सारी दुनिया कान खोलकर सुनती है कि भारत बोल क्या रहा है. पहले ऐसे हालात नहीं थे."

    रक्षा मंत्री ने कहा कि जिओपॉलिटिकल और ग्लोबल चुनौतियों के बावजूद भारत आज तेज़ी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक है.

    राजनाथ सिंह दो दिन के आधिकारिक दौरे पर मोरक्को गए हैं. इस दौरान वह वहां के मंत्रियों से द्विपक्षीय मामलों पर चर्चा करेंगे.

  20. ट्रंप ने कंज़र्वेटिव एक्टिविस्ट चार्ली कर्क को 'अमेरिकी हीरो' बताया

    ट्रंप और कर्क की पत्नी

    इमेज स्रोत, Rebecca Noble/Bloomberg via Getty

    इमेज कैप्शन, चार्ली कर्क की पत्नी एरिका कर्क ने कहा कि नफ़रत का जवाब नफ़रत नहीं है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कंज़र्वेटिव एक्टिविस्ट चार्ली कर्क को "महान अमेरिकी हीरो" और "शहीद" बताया.

    रविवार को एरिज़ोना में आयोजित चार्ली कर्क की श्रद्धांजलि सभा में ट्रंप ने यह बात कही. इस सभा में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत अमेरिकी प्रशासन के कई अधिकारी थे.

    ट्रंप ने कहा, "उनकी हत्या इसलिए हुई क्योंकि उन्होंने साहस और निडरता के साथ जीवन जिया और तर्क के साथ बहस की."

    कर्क की पत्नी एरिका ने भी भावुक भाषण दिया और कहा कि उन्होंने अपने पति के कथित हत्यारे को माफ़ कर दिया है.

    बीते 10 सितंबर को यूटा के एक कॉलेज में कर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

    चार्ली कर्क अमेरिका के सबसे हाई-प्रोफाइल कंज़र्वेटिव कार्यकर्ताओं और मीडिया हस्तियों में से एक थे. वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भरोसेमंद सहयोगी थे.

    संबंधित कहानियां: