लाइव, शाहरुख़ ख़ान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ़ को महाराष्ट्र एफ़डीए ने भेजा कारण बताओ नोटिस

महाराष्ट्र फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफ़डीए) ने अभिनेता शाहरुख़ ख़ान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ़ को 'विमल इलायची' के विज्ञापन को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • देश में शिक्षा से जुड़े मुद्दे पर बोले रामदेव
  • जवाहरलाल नेहरू का पहला टीवी इंटरव्यू
  • 15 अगस्त को इन देशों के भी मिली थी आज़ादी
  • पीएम मोदी ने युवाओं के लिए कीं घोषणाएं
  • भारत में आम लोगों को अच्छे फ़ुटपाथ कैसे मिलेंगे
  • इनके पास अलग-अलग मौके के लिए हैं अलग-अलग तरह की नाक
  •  जेन ज़ी ने बताया उनके लिए क्या हैं आज़ादी के मायने

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल

  1. शाहरुख़ ख़ान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ़ को महाराष्ट्र एफ़डीए ने भेजा कारण बताओ नोटिस

    अजय देवगन और शाहरुख़ ख़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एफ़डीए का कहना है कि जांच के बाद पहली नज़र में ऐसा लगता है कि विज्ञापन विमल ब्रांड का प्रचार करता है (फ़ाइल फ़ोटो)

    महाराष्ट्र फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफ़डीए) ने अभिनेता शाहरुख़ ख़ान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ़ को 'विमल इलायची' के विज्ञापन को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है.

    इस नोटिस में कहा गया है, "खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 की धारा 24 खाद्य पदार्थों से संबंधित विज्ञापनों और अनुचित व्यापार प्रथाओं पर रोक लगाती है. यह ऐसे विज्ञापनों पर रोक लगाती है जो भ्रामक हों या अधिनियम और इससे जुड़े नियमों का उल्लंघन करते हों."

    एफ़डीए का कहना है कि जांच के बाद पहली नज़र में ऐसा लगता है कि विज्ञापन विमल ब्रांड का प्रचार करता है, जो मुख्य रूप से पान मसाला से जुड़ा है.

    13 जुलाई 2026 के प्रतिबंध आदेश के तहत महाराष्ट्र में पान मसाला के निर्माण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर रोक है.

    कारण बताओ नोटिस के मुताबिक़, इस विज्ञापन से उपभोक्ता भ्रमित हो सकते हैं और प्रतिबंधित उत्पाद की पहचान का अप्रत्यक्ष रूप से प्रचार हो सकता है.

    नोटिस में कहा गया है कि भ्रामक विज्ञापनों का समर्थन करने वाले प्रचारकों पर 10 लाख रुपये तक का जुर्माना और बार-बार उल्लंघन करने पर 50 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है.

  2. महिला हॉकी वर्ल्ड कप: भारत और चीन का मुक़ाबला रहा ड्रॉ

    सलीमा टेटे भारतीय महिला हॉकी टीम की अगुआई कर रही हैं (फ़ाइल फोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सलीमा टेटे भारतीय महिला हॉकी टीम की अगुआई कर रही हैं (फ़ाइल फोटो)

    महिला हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का पहला मुक़ाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ है. चीन के ख़िलाफ़ ख़ेला गया यह मैच 2-2 की बराबरी पर रहा.

    इस रोमांचक मुक़ाबले में शुरुआती बढ़त बनाने के बावजूद भारतीय महिला टीम जीत हासिल नहीं कर पाई. मैच के ड्रॉ होने से दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतुष्ट होना पड़ा है.

    मैच में शुरुआती गोल ने भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी थी लेकिन थोड़ी ही देर बाद चीन ने इसकी बराबरी कर ली.

    इसके बाद भारत ने एक बार फिर से अपनी बढ़त बनाई और स्कोर 2-1 कर दिया, लेकिन चीन ने इस बढ़त को भी ख़त्म कर दिया.

    चीन ने इस मुक़ाबले के अंतिम मिनटों में बेहतरीन डिफ़ेस अपनाया और भारत को जीत से रोक दिया.

    भारत इस प्रतियोगिता में पूल-डी में है, जहां साउथ अफ़्रीका को हराकर इंग्लैंड की टीम शीर्ष पर है. जबकि चीन और भारत संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं. वहीं साउथ अफ़्रीका की टीम ग्रुप में सबसे नीचे है.

  3. 1, 2 के बाद 4: 'दिमाग़ी नक्सल' पर किरेन रिजिजू के तर्कों पर कांग्रेस नेताओं ने क्या कहा?

    किरेन रिजिजू

    इमेज स्रोत, @KirenRijiju

    इमेज कैप्शन, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पीएम मोदी के 'दिमाग़ी नक्सल' वाले बयान पर सफ़ाई दी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    स्वतंत्रता दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी के 'दिमाग़ी नक्सल' वाले बयान पर संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने एक्स पर सफ़ाई देते हुए एक पोस्ट की, लेकिन इसमें वो एक ऐसी ग़लती कर बैठे जिससे कांग्रेस नेता उनकी आलोचना करने लगे.

    किरेन रिजिजू ने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी नेताओं को "दिमाग़ी नक्सल" नहीं कहा.

    किरेन रिजिजू ने अपनी पोस्ट में लिखा कि "केवल निम्नलिखित लोग दिमाग़ी नक्सल हैं-

    1. जो माओवादियों का समर्थन करते हैं और भारतीय संविधान को ख़ारिज करते हैं.

    2. जो अलगाववादियों के साथ खड़े होते हैं और अनुच्छेद 370 का समर्थन करते हैं.

    4. जो भारत से पूर्वोत्तर को अलग करने के लिए चिकन नेक को काटना चाहते हैं."

    किरेन रिजिजू की पोस्ट

    इमेज स्रोत, @KirenRijiju/ Screen Shot

    इमेज कैप्शन, किरेन रिजिजू ने पीएम मोदी के बयान पर सफ़ाई दी

    उनकी इस पोस्ट को शेयर करते हुए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने लिखा, "किरेन रिजिजू भाई पहले गिनती सही कर लें, फिर हम जवाब देंगे. 1, 2 के बाद तीन आता है 4 नहीं."

    इसी पोस्ट को शेयर करते हुए कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने लिखा, "एंटायर पॉलिटिकल साइंस का कमाल."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के भाषण में इस्तेमाल किए गए 'दिमाग़ी नक्सल' शब्द को लेकर कई नेताओं ने आपत्ति जताई है.

    पीएम मोदी ने कहा था, "हथियारी नक्सल तो गए, लेकिन दिमाग़ी नक्सल मौक़े की तलाश में हैं. हिंसा अराजकता के वो रास्ते खोज रहे हैं. इन दिमाग़ी नक्सलियों को पहचानना होगा. इन दिमाग़ी नक्सलियों को आइसोलेट करना होगा."

  4. श्रीलंका के ख़िलाफ़ देवदत्त पडिक्कल की शानदार पारी, भारत ने खड़ा किया विशाल स्कोर

    देवदत्त पडिक्कल की शानदार पारी से भारत मज़बूत स्थिति में पहुंच गया है

    इमेज स्रोत, Sameera Peiris/Getty Images

    इमेज कैप्शन, देवदत्त पडिक्कल की शानदार पारी से भारत मज़बूत स्थिति में पहुंच गया है

    श्रीलंका के ख़िलाफ़ गॉल स्टेडियम में खेले जा रहे टेस्ट मैच में भारत काफ़ी मज़बूत स्थिति में पहुंच गया है.

    दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने के बाद भारत की टीम ने 9 विकेट के नुक़सान पर 460 रन बना लिए हैं.

    इससे पहले भारतीय बल्लेबाज़ देवदत्त पडिक्कल ने शानदार शतक लगाया. उन्होंने रविवार को 131 रनों की अपनी नाबाद पारी से आगे खेलना शुरू किया और 167 रन बनाकर पवेलियन लौटे.

    वहीं निचले क्रम में बल्लेबाज़ी करने उतरे ध्रुव जुरेल ने भी अर्धशतक लगाया.

    पहली पारी में भारत की ओर से केएल राहुल ने 82 रनों की पारी खेली. जबकि ऋषभ पंत ने 39 रनों की पारी खेली.

    श्रीलंका की ओर से केशरा नुवंता ने 3 और प्रबात जयसूर्या ने चार विकेट लिए.

    भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला लिया था.

    भारत और श्रीलंका के बीच इस सिरीज़ में दो टेस्ट मैच खेले जाने हैं. सिरीज़ का दूसरा टेस्ट मैच 23 से 27 अगस्त के बीच कोलंबो में खेला जाएगा.

  5. हंगरी में पोलैंड के श्रद्धालुओं की बस हुई हादसे का शिकार, 12 लोगों की मौत, एलेक्स फ़िलिप्स

    बस में 57 मुसाफ़िर सवार थे

    इमेज स्रोत, Zoltan MATHE / MTI / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, बस में 57 मुसाफ़िर सवार थे

    पोलैंड के श्रद्धालुओं को ले जा रही एक बस हंगरी के हाईवे से उतरकर खाई में जा गिरी, जिससे 12 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों अन्य घायल हो गए.

    पुलिस ने बताया कि रविवार को स्थानीय समयानुसार क़रीब 01:00 बजे (रात) बुडापेस्ट को उत्तर-पूर्वी शहर निरेग्यहाज़ा से जोड़ने वाले एम3 हाईवे से उतरने के बाद बस पलट गई.

    अधिकारियों का मानना है कि ड्राइवर को गाड़ी चलाते समय नींद आ गई थी. उसे हिरासत में ले लिया गया है.

    सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक़, बस में सवार 57 यात्रियों और दो चालकों में से अब तक 35 लोगों को बचावकर्मियों ने बचा लिया है..

    हंगरी की एंबुलेंस सेवा ने बताया कि उसने एक व्यक्ति का इलाज किया, जिसकी हालत बहुत नाज़ुक थी, जबकि नौ लोगों को गंभीर चोटें आईं और 37 लोगों को मामूली चोटें लगी हैं.

    देश के प्रधानमंत्री पीटर मग्यार ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति "हार्दिक संवेदना" जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

    पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने भी हादसे पर संवेदना जताई है. उन्होंने कहा, "इस मुश्किल समय में हम साथ हैं."

    पोलैंड की समाचार एजेंसी पीएपी के मुताबिक़, यह बस बोस्निया और हर्जे़गोविना से लौट रही थी और इसमें पोलैंड के सबसे दक्षिणी क्षेत्र पोडकारपाचे के श्रद्धालु सवार थे.

  6. रूस और यूक्रेन ने एक-दूसरे पर तेज किए हमले, कई लोगों की मौत

    मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने बताया कि इस क्षेत्र पर "हाल के समय के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक" हुआ है

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने बताया कि इस क्षेत्र पर "हाल के समय के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक" हुआ है

    रूस पर यूक्रेन की ओर से रातभर किए गए हमलों में अलग-अलग इलाक़ों में सात लोगों की मौत हो गई है.

    दक्षिणी रूस के रोस्तोव क्षेत्र के गवर्नर यूरी स्ल्यूसर का कहना है कि इलाक़े में रातभर हुए यूक्रेनी हमलों में पांच लोगों की मौत हुई है. उन्होंने कहा कि हमले में कई इमारतों को भी नुक़सान पहुंचा और जंगल के दो इलाक़ों में आग लग गई.

    बेलगोरोद क्षेत्र में गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लैडकोव ने कहा कि राकित्यान्स्की ज़िले में एक बस को निशाना बनाए जाने से एक महिला की मौत हो गई और एक अन्य महिला को "सिर में गंभीर चोटें" आई हैं.

    इससे पहले मॉस्को क्षेत्र के रामेंस्की में ड्रोन हमले में 83 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई.

    मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने कहा कि रूसी राजधानी की ओर आ रहे 600 से अधिक यूक्रेनी ड्रोन को रोक लिया गया है.

    यूक्रेन में पांच लोगों की मौत

    डैन जॉनसन, कीएव से बीबीसी यूक्रेन संवाददाता

    यूक्रेन की राजधानी कीएव में रूसी हमले के बाद लगी आग

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, यूक्रेन की राजधानी कीएव में रूसी हमले के बाद लगी आग

    यूक्रेन पर रातभर किए गए रूसी हमलों में पांच लोगों की मौत हो गई है. क्रिवी रिह के मेयर ने बताया कि वहां 44 साल के एक लापता शख़्स का शव मलबे में मिला है. इस इलाक़े में एक अन्य व्यक्ति की मौत हो हुई है.

    यहां एक स्टील प्लांट के 14 कर्मचारी घायल हो गए. रूस का कहना है कि इस जगह पर हथियारों के कलपुर्जे़ बनाए जा रहे थे.

    ज़ापोरिज़्ज़िया में एक घर के नष्ट होने से 60 वर्ष की उम्र के दो लोगों की मौत हो गई.

    आपातकालीन सेवाओं ने बताया कि रातभर हुए हमले से कीएव के एक बाज़ार में आग लग गई, जो बुझा दी गई है.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि शहर में छह लोग घायल हुए हैं. रात और रविवार सुबह तक चार बार हवाई हमले किए गए.

    रूस का कहना है कि पिछली रात कीएव में उसके हमलों का निशाना यूक्रेन की फ्लेमिंगो मिसाइलों के कलपुर्जे़ बनाने वाली फायरपॉइंट ठिकाना और ड्रोन के कलपुर्जे़ बनाने वाली एक फैक्ट्री थी.

    रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि पोल्टावा क्षेत्र में उसने क्रेमेनचुक तेल रिफ़ाइनरी को निशाना बनाया, जिसके बारे में उसका कहना है कि वह यूक्रेनी सेना को ईंधन की आपूर्ति करती है.

    रूस का कहना है कि उसने ओडेसा के पास एक ड्राई कार्गो जहाज़ को निशाना बनाया, जिसमें उसके दावे के मुताबिक़ सैन्य उपकरण ले जाए जा रहे थे.

  7. बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान की भारत यात्रा फ़िलहाल रद्द की गई

    भारतीय मीडिया ने संकेत दिया था कि तारिक़ रहमान अगले सप्ताह के मध्य में दो दिवसीय दौरे के लिए भारत आ सकते हैं.

    इमेज स्रोत, NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय मीडिया ने संकेत दिया था कि तारिक़ रहमान अगले सप्ताह के मध्य में दो दिवसीय दौरे के लिए भारत आ सकते हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान की दिल्ली यात्रा फ़िलहाल रद्द कर दी गई है. बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने रविवार को आधिकारिक तौर पर कहा है कि "यात्रा के लिए एक अनुकूल माहौल बनाने की आवश्यकता है."

    बीबीसी बांग्ला के मुताबिक़, बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एकेएम शाहिदुल करीम ने रविवार दोपहर ढाका में विदेश मंत्रालय में आयोजित एक प्रेस ब्रीफिंग में यह घोषणा की.

    इससे पहले, भारतीय मीडिया ने संकेत दिया था कि तारिक़ रहमान अगले सप्ताह के मध्य में दो दिवसीय दौरे के लिए भारत आ सकते हैं.

    इसके अलावा, ढाका में बांग्लादेशी अधिकारियों ने पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री की भारत यात्रा की तैयारियों के संकेत भी दिए थे.

    एकेएम शाहिदुल करीम ने कहा, "हमने भारतीय अधिकारियों से शेख़ हसीना और अन्य फ़रार अपराधियों को तुरंत वापस भेजने और शहीद शरीफ़ उस्मान हादी की हत्या के अभियुक्तों को द्विपक्षीय प्रत्यर्पण समझौते के अनुसार बांग्लादेश को सौंपने का अनुरोध किया है. बांग्लादेश इस जवाब का इंतज़ार कर रहा है."

    भारत के लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला जब तारिक़ रहमान के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने गए थे, तब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से तारिक़ रहमान को औपचारिक रूप से भारत आने का निमंत्रण दिया था.

    भारत की ओर से एक और निमंत्रण भी आया था. यह निमंत्रण बिम्सटेक के मौजूदा अध्यक्ष यानी बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान को इस वर्ष सितंबर में भारतीय राजधानी नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में आमंत्रित करने का था.

    बांग्लादेश के विदेश मंत्री ख़लीलुर रहमान ने हाल ही में इन निमंत्रणों की घोषणा की, जब भारतीय उच्चायुक्त ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की और कहा कि उन्होंने अभी तक इस मामले पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है.

  8. अरब लीग की चेतावनी- लेबनान पर इसराइली हमलों से युद्ध फैलने का ख़तरा बढ़ा

    लेबनान के अधिकारियों ने शनिवार को बताया था कि इसराइली हमलों में देश में 11 लोगों की मौत हो गई

    इमेज स्रोत, Houssam Shbaro/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, लेबनान के अधिकारियों ने शनिवार को बताया था कि इसराइली हमलों में देश में 11 लोगों की मौत हो गई. तस्वीर में- हमलों के बाद मलबे के बीच खड़ी एक औरत

    अरब लीग ने लेबनान पर इसराइल के लगातार हमलों की निंदा करते हुए शनिवार के इसराइली हमलों को तनाव में एक ''ख़तरनाक बढ़ोतरी" बताया है. इन हमलों में दक्षिणी लेबनान में 11 लोग मारे गए.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, अरब लीग ने कहा है कि यह हमला लड़ाई को समाप्त करने और समाधान तक पहुंचने के प्रयासों को पटरी से उतार सकता है.

    अरब लीग के प्रवक्ता ने कहा कि इसराइल की नीतियां और कार्रवाइयां "स्पष्ट रूप से क़ब्ज़ा करने वालों के संघर्ष को लंबा खींचने, वार्ताओं में बाधा डालने और ज़मीन पर एक नई वास्तविकता थोपने के इरादे को दिखाती हैं, जो पूरी तरह से अस्वीकार्य और अस्वीकृत है."

    उन्होंने इन संघर्षों के फैलने की चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक अंतरराष्ट्रीय समुदाय, और विशेष रूप से अमेरिका, इसराइल की "युद्ध मशीन" को नहीं रोकता और देश को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1701 का पालन करने के लिए मजबूर नहीं करता, तब तक यह संघर्ष बढ़ता रहेगा.

    इस प्रस्ताव में इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच शत्रुता को पूरी तरह से समाप्त करने की अपील की गई है और हिज़्बुल्लाह के सभी हमलों के साथ-साथ इसराइल के सभी आक्रामक सैन्य अभियानों को तुरंत समाप्त करने पर ज़ोर दिया गया है.

    लेबनानी अधिकारियों ने शनिवार को बताया था कि देश के दक्षिणी इलाक़े में इसराइली हमलों में 11 लोगों की मौत हो गई. जून में तनाव कम करने के मक़सद से एक समझौते की घोषणा के बाद यह सबसे घातक हमलों में से एक था.

    लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ़ सलाम ने हमलों की निंदा करते हुए कहा कि मारे गए सात नागरिक "सैन्य ढांचा" नहीं थे.

    उन्होंने कहा, "इसराइल को यह तनाव बढ़ाना बंद करना चाहिए. हमारे लोगों की सुरक्षा और अपनी ज़मीन पर जीने का उनका अधिकार बातचीत या सौदेबाज़ी का विषय नहीं है."

  9. पीएम मोदी के 'दिमाग़ी नक्सल' वाले बयान पर कांग्रेस ने कहा- वो थके हुए हैं, उनके दावे खोखले हैं

    जयराम रमेश ने कहा है कि जो प्रधानमंत्री के दावों को चुनौती देता है वह दिमाग़ी नक्सल हो जाता है

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, जयराम रमेश ने कहा है कि जो प्रधानमंत्री के दावों को चुनौती देता है वह 'दिमाग़ी नक्सल' हो जाता है

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पीएम मोदी के 'दिमाग़ी नक्सल' वाले बयान पर पलटवार किया है.

    जयराम रमेश ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि जो इनका विरोध करते हैं वही 'दिमाग़ी नक्सल' हैं.

    "जब हमने जाति जनगणना की मांगी की थी तो चार साल तक कहा कि ‘नहीं होगा, नहीं होगा. ये अर्बन नक्सल सोच है.’ लेकिन एक साल पहले उन्होंने (पीएम मोदी) घोषणा की कि जाति जनगणना होगी. बदनाम करने में प्रधानमंत्री बहुत माहिर हैं."

    "राजनीतिक विरोधी जो सवाल करता है और जो प्रधानमंत्री के दावों को चुनौती देता है वह दिमाग़ी नक्सल बन जाता है. क्या सामाजिक न्याय की मांग करना दिमाग़ी नक्सल का प्रतीक है. क्या संविधान को लागू करने की मांग करना दिमाग़ी नक्सल का प्रतीक है."

    जयराम रमेश ने कहा, "प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता है- दिमाग़ी नक्सल, अर्बन नक्सल. ख़ान मार्केट गैंग, जेएनयू गैंग. वो थके हुए हैं. 12 साल से वही घिसी-पिटी बात कि 2014 से पहले भारत नहीं था, नया भारत बना है. सब खोखले हैं. उनके वादे खोखले हैं. उनके दावे खोखले हैं."

    पीएम मोदी ने लाल क़िले से स्वतंत्रता दिवस के अपने भाषण में कहा था, "हथियारी नक्सल तो गए, लेकिन दिमागी नक्सल समाज को गलत राह पर घसीटने के लिए भांति-भांति के दांव आज़मा रहे हैं."

  10. अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को इजाज़त दीजिए. अब से रात दस बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए हुए लिंक्स पर क्लिक करें.

  11. कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम के गायन पर अमित शाह ने क्या कहा?

    अमित शाह

    इमेज स्रोत, Anshuman Poyrekar/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का आरोप है कि कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय में ‘वंदे मातरम गाए जाने से रोका गया.' इस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर हमला बोला है.

    अमित शाह ने कहा, “कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में वंदे मातरम का गान हो रहा था. राष्ट्रगीत के दौरान कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष से इसे रोकने के लिए कहा.”

    उन्होंने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान कहा, "यह पूरा मामला टीवी पर देश के लोगों ने देखा और सोनिया जी, 140 करोड़ लोग आपको देख रहे हैं.”

    उन्होंने कहा, “80 साल बाद बंकिम बाबू के इस अमर गीत को फिर से सम्मान मिल रहा है, लेकिन सोनिया जी को यह भी रास नहीं आ रहा है."

    शाह ने आगे कहा, “आपने जो पाप किया है, उसे देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी. कोई वंदे मातरम जैसे राष्ट्रगीत को अधूरा छोड़ने के बारे में सपने में भी कैसे सोच सकता है?”

    गौरतलब है कि दिल्ली स्थित कांग्रेस हेडक्वार्टर में आयोजित ध्वाजारोहण कार्यक्रम में राष्ट्र गीत 'वंदे मातरम' पूरा बजाया गया. इस दौरान एक अंतराल के बाद कांग्रेस के बड़े नेता 'असहज' दिखे.

  12. वाराणसी एयरपोर्ट पर जांच के दौरान लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली गोली, दो ग्राउंड स्टाफ़ घायल

    डीसीपी गोमती नीतू कादयान
    इमेज कैप्शन, डीसीपी गोमती नीतू कादयान ने इस घटना की पुष्टी की है. उन्होंने कहा कि मामले में नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है

    उत्तर प्रदेश केवाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार सुबह फ्रिस्किंग (चेकिंग) के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी रिवॉल्वर से अचानक गोली चल गई. पुलिस के मुताबिक़, घटना में दो ग्राउंड स्टाफ को चोटें आई हैं.

    डीसीपी गोमती नीतू कादयान ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे एयरपोर्ट पर फायरिंग की सूचना मिली थी. इसके बाद फूलपुर पुलिस और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की.

    पुलिस के मुताबिक, "आजमगढ़ के रहने वाले कमलेश राय एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जा रहे थे. उन्होंने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर के बारे में एयरपोर्ट अथॉरिटी को पहले ही जानकारी दी थी. जांच के दौरान कथित तौर पर रिवॉल्वर से एक राउंड अचानक फायर हो गया, जिससे वहां मौजूद दो ग्राउंड स्टाफ घायल हो गए."

    एक घायल महिला स्टाफ़ सुमन ने बताया कि यात्रियों के हथियार की स्क्रीनिंग के दौरान पहले यह देखा जाता है कि बंदूक लोडेड है या अनलोडेड. महिला के मुताबिक, यात्री ने हथियार को अनलोडेड बताया था, लेकिन वह लोडेड था और उसे दिखाने के दौरान अचानक गोली चल गई.

    पुलिस ने कहा कि मामले में नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है.

  13. इसराइल ने हिज़्बुल्लाह के वरिष्ठ कमांडर को मारने का दावा किया

    इसराइली सेना

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, इसराइली सेना (सांकेतिक तस्वीर)

    इसराइली सेना ने दावा किया है कि उसने हिज़्बुल्लाह की ‘बद्र यूनिट’ के वरिष्ठ कमांडर अबू हसन अला को मार दिया है.

    इसराइली सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि हिज़्बुल्लाह की ओर से इसराइली सैनिकों के ख़िलाफ़ की जा रही गतिविधियों के जवाब में यह कार्रवाई की गई.

    सेना के बयान के मुताबिक, हसन अला इसराइली सैनिकों के ख़िलाफ़ कई हमलों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने में शामिल था. इनमें दक्षिणी लेबनान में इसराइली सैनिकों की ओर विस्फोटकों से लदे ड्रोन भेजना भी शामिल था.

    अरब लीग ने इसराइली हमलों की निंदा की

    अरब लीग ने लेबनान पर इसराइली हमलों की निंदा की है. अरब लीग ने कहा कि बीते दिन हुए हमलों में 11 लोगों की मौत हुई और ऐसी स्थिति में तनाव खतरनाक तरीके से बढ़ रहा है.

    अरब लीग के मुताबिक, इस तरह के हमलों से संघर्ष खत्म करने और इसका समाधान निकालने की कोशिशों को नुक़सान पहुंच सकता है.

    अरब लीग के प्रवक्ता ने कहा कि इसराइल की नीतियां और कार्रवाइयां साफ तौर पर दिखाती हैं कि “कब्जे की नीति अपनाने वाले लोग संघर्ष को लंबे समय तक जारी रखना, बातचीत में रुकावट डालना और जमीन पर एक नई स्थिति थोपना चाहते हैं.”

    प्रवक्ता ने कहा कि ऐसी कोशिशें पूरी तरह अस्वीकार्य और निंदनीय हैं.

  14. अरुणाचल में अचानक आई बाढ़ में लापता हुए सेना के पांच जवान, तलाश जारी, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए

    अरुणाचल प्रदेश

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भूस्खलन की घटना में कम से कम चार लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है

    अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली ज़िले के पासु पानी क्षेत्र में फ़्लैश फ़्लड (अचानक आई बाढ़) में सेना के पांच जवान लापता हो गए है.

    दिबांग वैली की अतिरिक्त ज़िला उपायुक्त जैली उम्पो ने बाढ़ में लापता हुए लोगों की पुष्टि करते हुए बीबीसी से कहा,"बाढ़ की यह घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े 4 बजे के आसपास की है."

    "यह इलाक़ा अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास है और अचानक आई बाढ़ में सेना के कुल 7 लोग बह गए थे. लेकिन दो लोगों को बचा लिया गया है. फ़िलहाल लापता पांच जवानों को तलाशने के लिए सेना, एनडीआरएफ़, एसडीआरएफ़ के साथ ज़िला प्रशासन की कई टीमें बचाव अभियान चला रही है."

    राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को अचानक आई बाढ़ में दिबांग घाटी ज़िले में एक सैन्य शिविर के दो आश्रय स्थल बह गए. अतिरिक्त ज़िला उपायुक्त जैली उम्पो ने बाढ़ आने के पीछे बादल फटने को कारण बताया है.

    उन्होंने बताया, "लगातार हुई बारिश के बाद एक बड़ी धारा अचानक उफान पर आ गई और आसपास के दिबांग वैली इलाक़े में पानी भर गया."

    लापता हुए सभी जवान सेना की 5वीं ग्रेनेडियर्स बटालियन से थे. इन जवानों के नाम उपेंद्र, कुंदन, विनोद, आदित्य और समुंडा बताए गए हैं.

    अपर सुबनसिरी ज़िले की एक अन्य घटना में केओजारिंग-ब्याचिंग रोड कटिंग/निर्माण स्थल पर ज़बरदस्त भूस्खलन हुआ, जिससे कई मज़दूर मलबे के नीचे दब गए.

    भूस्खलन की घटना में कम से कम चार लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है. मरने वालों की शिनाख़्त टाडू बाकी, ताजी राय, मार्कोश बसुमतारी और बाबुल अली के तौर पर की गई है.

  15. बांग्लादेश ने पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हरा कर रचा इतिहास

    मोमिनुल हक

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश ने मैच की दूसरी पारी में 57 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केवल एक विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली (मोमिनुल हक)

    ऑस्ट्रेलिया के डार्विन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में बांग्लादेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया.

    बांग्लादेश ने मैच की दूसरी पारी में 57 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केवल एक विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली.

    बांग्लादेश ने पहली बार ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को उसके घर में हराया है.

    इस मुकाबले में बांग्लादेश ने पहली पारी में 426 रन बनाए, जबकि ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली पारी में 198 और दूसरी पारी में 284 रन पर सिमट गई.

    श्रीलंका के तेज़ गेंदबाज हसन महमूद ने मैच में कुल 9 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई और उन्हें प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया.

    57 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम की ओर से शदमान इस्लाम ने 25 और मोमिनुल हक़ ने 30 रन बनाए. वहीं ताज़िद हसन तमीम को बिना खाता खोले पवेलियन लौटना पड़ा.

  16. कैग की रिपोर्ट- रेलवे स्टेशनों के वॉटर कूलर में मिला घातक बैक्टीरिया

    भारतीय रेल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कैग ने कई रेलवे स्टेशनों के वॉटर कूलरों का सैंपल लिया था

    नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की एक रिपोर्ट में कई रेलवे स्टेशनों पर पीने के पानी के नमूनों में ई. कोलाई बैक्टीरिया पाए जाने की बात सामने आई है.

    रिपोर्ट के मुताबिक, रेलवे स्टेशनों पर लगे वाटर कूलरों से लिए गए पानी के नमूने जांच में दूषित पाए गए.

    कैग ने रेलवे स्टेशनों के वॉशरूम में भी अस्वच्छ स्थितियां पाए जाने की बात कही है. रिपोर्ट में कहा गया है कि यह स्थिति रेलवे बोर्ड के तय मानकों के उल्लंघन से जुड़ी है.

    कैग ने रेलवे के 16 ज़ोन में 512 स्टेशनों पर यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं का अध्ययन किया था.

    जांच किए गए 512 स्टेशनों में से 458 स्टेशनों में एक या उससे ज़्यादा ज़रूरी सुविधाओं की कमी पाई गई. इन सुविधाओं में पीने का पानी, बैठने की जगह, शौचालय, प्लेटफ़ॉर्म शेल्टर, पंखे, वॉटर कूलर और साइनबोर्ड शामिल हैं. यहां तक कि ज़्यादा कमाई और ज़्यादा भीड़-भाड़ वाले एनएसजी-1 से एनएसजी-3 कैटेगरी के स्टेशनों में भी काफ़ी कमियां देखी गईं.

    कैग की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण रेलवे के कोयंबटूर और पलक्कड़ जंक्शन, दक्षिण मध्य रेलवे के हैदराबाद स्टेशन, मध्य रेलवे के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, भिवंडी रोड, कल्याण और लोनावला तथा पूर्व रेलवे के मधुपुर स्टेशन के वाटर कूलरों से लिए गए पानी के नमूनों में ई. कोलाई पाया गया.

    कैग की रिपोर्ट में रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए हैं.

    रिपोर्ट में साफ़-सफ़ाई और पीने के पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित रेलवे बोर्ड के नियमों का पालन करने पर ज़ोर दिया गया है.

    ई.कोलाई वही बैक्टीरिया है, जिसे विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने 2017 में ‘सुपरबग’ की श्रेणी में रखा था. ये खाने पीने की चीज़ों में पाया जाता है.

    सुपरबग का मतलब ऐसे घातक बैक्टीरिया से है, जिन पर एंटी-बायोटिक दवाओं का भी ख़ास असर नहीं होता. इस सूची में सबसे ऊपर ग्राम नेगेटिव बैक्टीरिया ई.कोलाई का नाम था.

  17. झारखंड आंदोलन: स्टूडेंट्स ने अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का इस्तीफ़ा मांगा

    हेमंत सोरेन

    इमेज स्रोत, HemantSorenJMM X/ANI

    इमेज कैप्शन, पीयूष कुमार ने बताया कि स्टूडेंट्स की मांगें नहीं मानी गईं तो मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी-जेएसएससी में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है. आंदोलन के बीच प्रदर्शनकारियों ने अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफ़े की मांग की है.

    प्रदर्शन कर रहे छात्र पीयूष कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि स्टूडेंट्स पिछले 22 दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं.

    उन्होंने सरकार के ‘छात्रों की वार्ता, छात्रों के साथ’ अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा, “पहले अंग्रेज बहादुर का राज था और अब सरकार बहादुर का राज है. आज उन्होंने ‘छात्रों की वार्ता, छात्रों के साथ’ अभियान शुरू किया है. हम यहां 22 दिनों से बैठे हैं, क्या हम कीड़े-मकोड़े हैं?”

    पीयूष कुमार ने कहा कि अब आंदोलन को लेकर स्टूडेंट्स ने कुछ फैसले लिए हैं और वे अपनी मांगों पर कायम रहेंगे.

    पीयूष कुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, स्टूडेंट लीडर पीयूष कुमार

    उन्होंने मांग की कि जेएसएससी और जेपीएससी की 11वीं से 13वीं परीक्षाओं को सरकार रद्द करे. साथ ही पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए.

    उन्होंने कहा, “अगर हमारी मांगें पूरी नहीं हो पा रही हैं तो मुख्यमंत्री जी इस्तीफ़ा दें.”

    पीयूष कुमार ने बताया कि सोमवार को झारखंड के सभी जिलों में सरकार का पुतला दहन किया जाएगा. इसके बाद भी अगर छात्रों की मांगें नहीं मानी गईं तो मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा.

    उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक छात्र मुख्यमंत्री आवास के बाहर डटे रहेंगे और आंदोलन जारी रखेंगे.

  18. ममता बनर्जी के क़रीबी पूर्व मंत्री आशीष बनर्जी का शव पार्टी कार्यालय में मिला, प्रभाकर मणि तिवारी, बीबीसी हिन्दी के लिए

    आशीष बनर्जी

    इमेज स्रोत, Sanjay Das

    इमेज कैप्शन, आशीष बनर्जी, ममता बनर्जी सरकार में स्कूली शिक्षा और कृषि मंत्री रहे, साल 2021 में उनको विधानसभा का उपाध्यक्ष बनाया गया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    ममता बनर्जी सरकार में मंत्री और विधानसभा के उपाध्यक्ष रहे तृणमूल कांग्रेस नेता आशीष बनर्जी का शव रविवार सुबह उनके आवास से सटे पार्टी के दफ्तर में बरामद किया गया.

    वो पश्चिम बंगाल में बीरभूम ज़िले की रामपुरहाट सीट से लगातार पांच बार विधायक रहे.

    पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कमरे में उनका शव पाया गया था. फ़िलहाल मौत के कारण की जांच की जा रही है.

    पुलिस सूत्रों ने बताया कि शव के पास एक सुसाइड नोट भी मिला है. लेकिन अधिकारियों ने उसके बारे में कुछ बताने से मना कर दिया. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

    आशीष साल 2001 से ही इस सीट से लगातार चुनाव जीतते रहे थे. लेकिन इस साल बीजेपी उम्मीदवार ध्रुव साहा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था.

    इलाक़े के लोगों ने सबसे पहले आशीष के शव को देखा और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची रामपुरहाट थाने की पुलिस ने शव को बरामद किया.

    आशीष बनर्जी, ममता बनर्जी सरकार में स्कूली शिक्षा और कृषि मंत्री रहे थे. साल 2021 में उनको विधानसभा का उपाध्यक्ष बनाया गया था.आशीष ने बर्दवान विश्वविद्यालय से बांग्ला में डॉक्टरेट करने के बाद रामपुरहाट कॉलेज में अध्यापन से करियर शुरू किया था. लेकिन बाद में राजनीति में शामिल हो गए. उनको ममता बनर्जी का क़रीबी माना जाता था.

    (आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

  19. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Doordarshan National

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजली दी

    पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के विजय घाट स्थित उनके स्मारक ‘सदैव अटल’ पहुंचकर श्रद्धांजलि दी.

    इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी.

    प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, "पुण्यतिथि पर अटल जी को याद कर रहा हूं. वह असाधारण दूर दृष्टि वाले महान राजनेता थे. उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की सेवा के लिए समर्पित कर दिया. उनके विचारों और प्रयासों ने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया और उनके नेतृत्व ने देश को मज़बूत बनाया. सुशासन और जनकल्याण पर उनका जोर हमेशा हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा."

    भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार भारत के प्रधानमंत्री रहे.

    1996 में पहली बार वो मात्र 13 दिनों के लिए प्रधानमंत्री रहे. वो दूसरी बार 1998 में प्रधानमंत्री बने मगर सरकार 13 महीने चली. तीसरी बार वो 1999 से 2004 तक प्रधानमंत्री रहे. उनका देहांत 16 अगस्त 2018 को हुआ था.

  20. ईरान ने क़तर पर अपने तीन पायलटों को क़ैद करने के लगाए आरोप, क्या बोला क़तर

    ईरानी सेना

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    ईरान के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ़ की लापता लोगों की तलाश से जुड़ी समिति के प्रमुख ने दावा किया है कि तीन ईरानी पायलट क़तर की क़ैद में हैं.

    उन्होंने उनकी स्थिति स्पष्ट कराने में मदद के लिए अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति (आईसीआरए) से अपील की है.

    ईरानी मीडिया के मुताबिक़, ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद बाक़रज़ादेह ने आईसीआरए की अध्यक्ष मैरियाना स्पोल्यारिक को लिखे पत्र में कहा कि दो सुखोई-24 लड़ाकू विमान 2 मार्च 2026 को क़तर में मौजूद एक 'दुश्मन सैन्य अड्डे' को निशाना बनाने के मिशन पर भेजे गए थे.

    उनके मुताबिक़, मिशन पूरा करने के बाद वापस लौटते समय विमानों को दुश्मन की कार्रवाई का सामना करना पड़ा, जिसके चलते चार ईरानी पायलट प्रभावित हुए.

    इन चार पायलटों में से एक माजिद काज़ेमी का शव बाद में ईरान लाया गया और उन्हें 29 अगस्त को शिराज में दफ़नाया गया.

    ब्रिगेडियर जनरल बाक़रज़ादेह ने दावा किया कि बाकी तीन पायलटों जवाद सालेही, अब्दुलमजीद दश्तियान और इमरान बहरूशियान को क़तर की सेना ने ज़िंदा पकड़ लिया था.

    क्या बोला क़तर

    क़तर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल-अंसारी ने ईरान के इस दावे को ख़ारिज किया है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि क्षेत्र में तनाव कम करने के लिए राजनयिक प्रयास जारी हैं. ऐसे में “इस समय इस तरह के भ्रामक बयानों” को लेकर उन्हें काफ़ी हैरानी हुई है.

    माजिद अल-अंसारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान में कहा कि मार्च में क़तर के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन होने के बाद उन्होंने ईरानी पायलटों से संपर्क किया था और उनके उड़ान मार्ग की पुष्टि की थी.

    उनके मुताबिक़, जब पायलटों की ओर से संदेशों का कोई जवाब नहीं मिला तो क़तर ने “संघर्ष के नियमों और अंतरराष्ट्रीय कानून की ज़रूरतों के तहत” अपनी रक्षा के लिए कार्रवाई की.

    उन्होंने आगे कहा कि क़तर की खोज और बचाव टीमों ने इन पायलटों की तलाश के लिए अभियान चलाया था.

    प्रवक्ता ने बताया कि एक पायलट का शव बरामद हुआ था और उसे ईरान को सौंपने के लिए क़तर सरकार ने तेहरान से संपर्क भी किया था.