फ़्रांस के जंगलों में लगी आग बोर्दो शहर के करीब पहुंची, राष्ट्रपति मैक्रों ने बताया हालात कितने भयावह, जारोस्लाव लुकीव

इमेज स्रोत, Kenzo TRIBOUILLARD / POOL / AFP via Getty Images
फ़्रांस में जंगलों की आग अब इसके दक्षिण-पश्चिमी शहर बोर्दो से सिर्फ़ 15 किलोमीटर दूर रह गई है.
बोर्दो के मेयर ने कहा है कि वह हर संभावित स्थिति के लिए तैयार हैं.
मेयर थॉमस काज़ेनाव ने कहा, "अगर और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का आदेश दिया जाता है, तो हम बड़ी संख्या में लोगों के ठहरने की तैयारी कर रहे हैं."
गिरोंद क्षेत्र के आग प्रभावित इलाक़े का दौरा करने पहुंचे फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि देश "अब तक की अभूतपूर्व जंगल की आग" का सामना कर रहा है.
उन्होंने इसे द्वितीय विश्व युद्ध के बाद की सबसे भीषण आग बताया.

इमेज स्रोत, Getty Images
फ़्रांस में अब तक 2.20 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा चुका है.
वहीं, स्पेन में मैड्रिड के पश्चिम में बेकाबू आग के कारण एक लाख से ज़्यादा लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं.
मंगलवार को एक और भीषण लू (हीटवेव) आने की आशंका है, जिससे आग बुझाने के अभियान में और मुश्किलें आ सकती हैं.
इससे पहले फ़्रांस के गृह मंत्री लॉरां नुनेज़ ने कहा था कि "यह आग अब अपने ही तरीके से फैल रही है और उस पर काबू पाना बेहद मुश्किल हो गया है."










