बच्चों में सोशल मीडिया की लत: मेटा को क्यों करना होगा 18 अरब डॉलर का भुगतान

इमेज स्रोत, Fabrice COFFRINI / AFP via Getty Images
मेटा ने बच्चों में सोशल मीडिया की लत और मानसिक स्वास्थ्य को नुक़सान पहुंचाने के आरोपों से जुड़े मुक़दमों को निपटाने के लिए अमेरिकी राज्यों को कुल 18 अरब डॉलर का भुगतान करने पर सहमति जताई है.
मेटा ने बुधवार को कहा कि समझौते के तहत तय राशि का भुगतान 10 वर्षों की अवधि में सालाना किस्तों के रूप में किया जाएगा.
कैलिफ़ोर्निया की एक अदालत ने इस समझौते को मंज़ूरी दे दी है. इसके तहत मेटा को अमेरिका के 48 राज्यों, डिस्ट्रिक्ट ऑफ़ कोलंबिया और तीन अमेरिकी क्षेत्रों को भुगतान करना होगा. बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़े मुक़दमों में यह मेटा की अब तक की सबसे बड़ी भुगतान राशि है.
समझौते के तहत मेटा को बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा के लिए कई बदलाव भी लागू करने होंगे. इनमें डिफ़ॉल्ट रूप से रोज़ाना सोशल मीडिया इस्तेमाल की समय-सीमा तय करना और रात के समय इस्तेमाल पर रोक लगाने जैसे उपाय शामिल हैं. इन बदलावों की माँग अमेरिकी राज्यों की ओर से की गई थी.
कैलिफ़ोर्निया के अटॉर्नी जनरल रॉब बोंटा ने कहा कि यह में बदलाव लाने की दिशा में एक बड़ा क़दम है. उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य बच्चों को नुक़सान पहुंचा रहे सोशल मीडिया उद्योग में सुधार लाना है.















