'अमरीका के लिए बढ़ रही रूसी चुनौती'

अमरीकी सैनिक
प्रकाशित

अमरीका के रक्षा मंत्री एश कार्टर ने कहा है कि रूस अमरीका के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है.

अमरीकी रक्षा मंत्री के अनुसार, रूस की आक्रामकता को देखते हुए अमरीकी रक्षा मंत्रालय यूरोप के लिए अमरीका के रक्षा बजट में 2017 में चार गुना बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखेगा.

मार्च 2014 में यूक्रेन के प्रायद्वीप क्राइमिया को रूस ने हड़प लिया था, जिसके बाद से अमरीका और रूस के रिश्तों में तनाव बना हुआ है.

एश कार्टर के मुताबिक़ बढ़े रक्षा बजट का इस्तेमाल पूर्वी यूरोप के सैन्य अड्डों पर सैनिकों की संख्या बढ़ाने के लिए किया जाएगा.

इसके अलावा सहयोगी देशों के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए किया जाएगा.

अमरीकी सैनिक

2017 के लिए अमरीका के प्रस्तावित रक्षा बजट में यूरोप के लिए 3.4 अरब डॉलर की मदद भी शामिल है.

मौजूदा वित्तीय वर्ष में ये रक़म 78 करोड़ 90 लाख डॉलर थी.

दरअसल रक्षा बजट में बढ़ोत्तरी कर अमरीका अपने नेटो साथियों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाने की कोशिश कर रहा है. और ये ख़ासकर यूक्रेन में रुस के सैन्य दख़ल अंदाज़ी के बाद यूरोप में रूस की नीयत को लेकर बढ़ती चिंता के कारण बहुत अहम है.

अमरीकी रक्षा मंत्रालय ख़ुद को इस्लामिक स्टेट कहने वाले चरमपंथी संगठन के ख़िलाफ़ बजट में भी 50 फ़ीसदी की बढ़ोतरी का प्रस्ताव करेगा.

रूस के बारे में उन्होंने कहा, "रूस की आक्रामकता को रोकने के लिए हम मज़बूत और संतुलित रवैया अपना रहे हैं. हमें पिछले 25 सालों से इसकी चिंता नहीं करनी पड़ती थी, लेकिन अब करनी पड़ेगी."