आईएसः ऑस्ट्रेलिया भेजेगा 600 सैनिक

ऑस्ट्रेलिया
प्रकाशित

ऑस्ट्रेलिया ने कहा है कि वो इराक़ में इस्लामिक स्टेट के चरमपंथियों के ख़िलाफ़ अभियान के लिए मध्य पूर्व में अपने 600 सैनिकों को भेज रहा है.

प्रधानमंत्री टोनी एबट ने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात में होने वाली सैनिकों की यह शुरुआती तैनाती अमरीका के विशेष आग्रह पर की गई है.

ऑस्ट्रेलिया आठ सुपर हॉर्नेट लड़ाकू जेट भी भेजेगा.

फ्रांस क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर सोमवार को एक बैठक करने जा रहा है.

इसी बीच, अमरीकी विदेश मंत्री जॉन केरी मध्य पूर्व देशों के दौरे पर इस्लामिक स्टेट (आईएस) को हराने के लिए व्यापक गठबंधन बनाने की कोशिशों के बाद पेरिस पहुंच गए हैं.

इस चरमपंथी संगठन के ख़िलाफ़ कार्रवाई की योजना पर 10 अरब देशों समेत क़रीब 40 देशों ने हस्ताक्षर किए हैं.

पेरिस में केरी

जॉन केरी, अमरीकी विदेश मंत्री

इराक़ी सुरक्षा को लेकर पेरिस में सोमवार को एक सम्मेलन होगा जिसमें लगभग 20 देशों के राजनयिक शामिल होंगे. केरी उसी सम्मेलन में भाग लेने के लिए पेरिस पहुंचे हैं.

लेकिन ईरान को इस सम्मेलन में शामिल होने की दावत नहीं दी गई है. इसीलिए ईरान ने पेरिस सम्मेलन को 'दिखावे की घटना' क़रार दिया है.

ईरान के उपविदेश मंत्री हुसैन आमिर अब्दुल्लाहियान का कहना था, ''ईरान इस क्षेत्र में और पूरी दुनिया में आतंकवाद के ख़िलाफ़ सचमुच की लड़ाई में इच्छुक है, इस तरह के चुनिंदा कामों में नहीं.''

पिछले सप्ताह ही अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने सीरिया और इराक़ में आईएस के ख़िलाफ़ अपनी विस्तृत योजनाओं का एलान किया था.

आईएस का सीरिया और इराक़ के एक बड़े हिस्से पर क़ब्ज़ा है और सीआईए का अनुमान है कि इस क्षेत्र में आईएस के क़रीब 30,000 लड़ाके हो सकते हैं.

<bold>(बीबीसी हिंदी का एंड्रॉयड मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml" platform="highweb"/></link> करें. आप ख़बरें पढ़ने और अपनी राय देने के लिए हमारे <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> पन्ने पर भी आ सकते हैं और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>