कीनिया: दो बम धमाके, 10 लोगों की मौत

कीनिया की राजधानी में बम धमाके
प्रकाशित

कीनिया की राजधानी नैरोबी में दो बम धमाकों में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है और दर्जनों घायल हुए हैं.

पुलिस के मुताबिक़ धमाके गिकोम्बा बाज़ार में हुए. ये जगह ईस्टलेह के नज़दीक है जहां सोमालियाई मूल के लोग रहते और काम करते हैं.

इस बीच, एक हमले की चेतावनी के बीच तटीय शहर मोम्बासा से सैकड़ों ब्रितानी पर्यटकों को निकाला गया.

हाल के सालों में कीनिया में कई हमले हुए हैं जिनमें से अधिकतर के लिए पड़ोसी देश सोमालिया के अल-शादाब चरमपंथी गुट को ज़िम्मेदार ठहराया गया है.

ब्रितानी पर्यटक कंपनियों ने देश के दूसरे सबसे बड़े शहर, मोम्बासा, के लिए उड़ानें रद्द कर दी हैं.

केन्या की राजधानी नैरोबी में बम धमाके, 16 मई 2014
इमेज कैप्शन, धमाके गिकोम्बा मार्किट में हुए जो ईस्टलेह के नज़दीक है. ईस्टलेह में सोमाली मूल के कई लोग रहते और काम करते हैं.

कीनिया के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन केंद्र का कहना था कि पहला धमाका एक मिनीबस के अंदर और दूसरा गिकोम्बा मार्किट में हुआ.

कहा जा रहा है कि घटना स्थल से दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

दर्जनों घायल

कीनिया की राजधानी में बम धमाके
इमेज कैप्शन, धमाकों से दो दिन पहले ब्रिटेन, फ्रांस औऱ अमरीका ने चेताया था कि कीनिया में हमले होने का बहुत ज़्यादा ख़तरा है.

नैरोबी के केन्याटा राष्ट्रीय अस्पताल का कहना था कि धमाकों में कम से कम 70 लोग घायल हुए हैं.

अस्पताल के एक प्रवक्ता ने बताया, "कई लोग काफ़ी ज़्यादा घायल हुए हैं और हमें बहुत ज़्यादा ख़ून की ज़रूरत है."

कीनिया के राष्ट्रपति केन्याटा ने आतंकवाद से लड़ने का प्रण किया है.

हमलों की चेतावनी

केन्या की राजधानी नैरोबी में बम धमाके
इमेज कैप्शन, एक हमले की चेतावनी के बीच तटीय शहर मोम्बासा से सैकड़ों ब्रितानी पर्यटकों को निकाला गया है.

इस हफ़्ते की शुरुआत में प्रशासन ने बस अड्डों पर सुरक्षा इंतज़ाम कर दिए थे और सभी वाहनों में पारदर्शी शीशे लगाने का आदेश दिया था.

शुक्रवार को हुए धमाकों से दो दिन पहले ब्रिटेन, फ्रांस औऱ अमरीका ने चेताया था कि कीनिया में हमले होने का बहुत ज़्यादा ख़तरा है.

लेकिन कीनिया ने इस चेतावनी की ये कहते हुए निंदा की थी कि इससे उसके पर्यटन उद्योग पर असर पड़ेगा.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>