फिर मिलेंगे उत्तर और दक्षिण कोरियाई परिवार

प्रकाशित

उत्तर और दक्षिण कोरिया के सैकड़ों लोग दशकों बाद अपने रिश्तेदारों से मिल रहे हैं. ये लोग कोरियाई युद्ध के बाद अपने परिवारों से अलग हो गए थे.

दक्षिण कोरिया से सौ से ज़्यादा लोग जिनमें ज़्यादातर बुज़ुर्ग हैं, गुरुवार को उत्तर पहुंच गए. इनमें बहुत से ऐसे लोग हैं जिन्होंने सालों से एक-दूसरे को नहीं देखा है.

दोनों देशों के बीच बेहतर संबंध बनाने की कोशिशों के तहत उत्तर कोरिया की पहल पर परिवारों के मिलने की ये प्रक्रिया शुरू की गई है जो 20 फरवरी से शुरू होकर 25 फ़रवरी तक चलेगी.

ये लोग ऐसे समय में मिल रहे हैं जबकि दक्षिण कोरिया ने अमरीका के साथ सैन्य अभ्यास की योजना बना रखी है जो कि सोमवार से शुरू होने वाली है.

इससे पहले उत्तर कोरिया ने सैन्य अभ्यास की वजह से इस मिलन को रद्द करने की धमकी दी थी.

गुरुवार को 82 दक्षिण कोरियाई बुजुर्ग अपने परिवार के 58 सदस्यों के साथ बस से उत्तर कोरिया के लिए रवाना हो गए.

समाचार एजेंसी एएफपी की सूचना के अनुसार उनमें से एक दर्जन से अधिक व्हीलचेयर के सहारे थे और दो लोग तो एंबुलेंस में गए थे.

वे अपने रिश्तेदारों के लिए कपड़े, दवाई और भोजन समेत उपहार भी ले गए हैं.

स्थानीय समय के अनुसार 3 बजे वे उत्तर माउंट कुमांग रिसॉर्ट में अपने उत्तर कोरियाई रिश्तेदारों से एक साथ खाने पर मिलेंगे.

लगभग 180 उत्तर कोरियाई लोगों की इस मिलन कार्यक्रम में भाग लेने की उम्मीद हैं.

इस मिलन कार्यक्रम में शामिल 70 साल के दक्षिण कोरियाई नागरिक ली डू-यंग ने बीबीसी से बात करते हुए कहा, "लोगों का इस बात पर विश्वास करना मुश्किल है वह भी तब जब आप इतने लंबे समय से एक दूसरे से अलग हों. "

वो कहते हैं, "लेकिन यह एक सच होने वाला चमत्कार है, मैं बहुत रोमांचित हूँ. मेरे जीवन में मेरे भाई की कमी थी और अब मैं उसे फिर से देख सकता हूं, अगर मैं कल मर भी जाऊं तो मुझे कोई पछतावा नहीं होगा."

दक्षिण कोरिया के एकीकरण मंत्रालय ने बुधवार को कहा, "वर्तमान में मिलन के इस कार्यक्रम में किसी भी बाधा की आशंका नहीं दिख रही है."

यह दोनों देशों के लोगों के लिए अत्यधिक भावनात्मक अवसर है. दोनों तरफ के परिवार अपने घरों को लौटने से पहले एक संक्षिप्त मुलाकात करेंगे.

एक बार में केवल 100 रिश्तेदारों को इस मिलन कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए चुना जाता है.

साल 2010 में दोनों देशों के बीच तनाव के चलते उत्तर कोरिया ने मिलन कार्यक्रम रद्द कर दिया था.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर </caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link>पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)