कैलोरी और वजन की टेंशन के बगैर दिवाली

मिठाई
    • Author, चिरंतना भट्ट
    • पदनाम, बीबीसी हिन्दी डॉटकॉम के लिए
  • प्रकाशित

दिवाली के त्यौहार में सबको मिठाइयां और स्वादिष्ट नमकीन का मजा लेना होता है.

लेकिन साथ में बढ़ते वजन और कैलोरी की टेंशन भी रहती है.

बीबीसी ने स्वास्थ्य और आहार विशेषज्ञों से बात करके जानने की कोशिश की कि मजा किरकिरा किए बगैर कैसे त्योहार मनाया जाए.

चिरंतना भट्ट की रिपोर्ट

लंच, खान

जाने माने लोगों के स्वास्थ्य और खान-पान का ख्याल रखने वाली ऋजुता दिवेकर कहती हैं, "त्यौहारों का खाना हमारी संस्कृति का हिस्सा है.जरुरी है कि हम इनका मूल्य समझें और हमारे स्वास्थ्य में इनके योगदान को महत्व दिया जाए."

दिवाली में तले हुए नमकीन और मिठाई वगैरह के बारे में उन्होंने कहा, "घर में बने इन नमकीनों में पोषक तत्व होते हैं. लेकिन ध्यान रखें कि एक बार जिस तेल में नमकीन तला हो उसका फिर इस्तेमाल न किया जाए."

घर की मिठाई

मिठाइयां

वह आगे कहती हैं, "ये ख्याल रखें कि दबाकर न खाएं, पेट को हलका रखें. आपकी दादी नानी बनाती थी वैसी घर की बनी मिठाई बाहर मिलने वाली मिठाइयों से हमेशा बेहतर होती है."

"कोल्ड ड्रिंक्स की बजाय घर के बने निम्बू पानी, कोकम शरबत, आंवला या बेल का शरबत, छाछ में से अपनी पसंद के मुताबिक कोई विकल्प चुनें."

उन्होंने कहा, "क्रॉनिक बीमारी और पाचन की तकलीफ़ के लिए देर रात का खाना हानिकारक है. ऐसे में दूध या दूध से बनी चीजें खाएं, दूसरे दिन सबसे पहले ताज़ा फल खाइए. देर रात ज़्यादा खाकर अगले दिन उसे संतुलित करने के लिए कम खाना अच्छा उपाय है."

संतुलित आहार

फल एवं सब्जियां

दिवाली के लिए अपने पेशेंट्स को ख़ास सलाह देते हुए आहार विशेषज्ञ लज्जा शाह बताती हैं, "संतुलित आहार कैसे लिया जाता है, इसकी समझ हो तो दिक्कत नहीं आती."

"अगर आपको लंच-डिनर के लिए बाहर जाना हो तो उस दिन घर में सिर्फ सूप, सलाद और फल खाएं, अन्न का एक भी दाना पेट में नहीं जाना चाहिए."

"सिर्फ फाइबर्स वाला खाना खाएं. त्यौहार खत्म होते ही हल्की फुल्की चीजें खाएं. सूप, छाछ, चाय-कॉफ़ी, दाल का पानी, नारियल पानी जैसी तरल चीजें लें."

"नाश्ते में फल, अखरोट और सब्जियों के रस लीजिए और ख़ासकर रात को दाल न खाएं. तेल-घी वाली तली-भुनी चीजें खाने के बाद राहत पाने के लिए दिन में दो-तीन बार दूध लेना भी अच्छा विकल्प है. टहलने के लिए थोड़ा समय निकालिए."

पानी ज्यादा लें

पानी और फल

लीना मोगरेज़ फ़िटनेस की डायरेक्टर लीना मोगरे कहती हैं, "मीठा ज़्यादा खाने से वजन बढ़ता है. इसे रोकने के लिए ज़्यादा पानी लें."

"छुट्टी के बाद जिम जाने में आलस मत कीजिए. अगर हो सके तो त्यौहारों में 20 मिनट नियमित तौर पर टहलें. घर में ही सुबह सूर्य नमस्कार करें."

"अगर दिन में ज़्यादा खाया हो तो शाम में प्रोटीन शेक या पनीर से बनी चीजें खाएं. आप प्रोटीन बार भी खा सकते हैं जिससे मीठा खाने का मन नहीं करेगा."

<bold>(बीबीसी हिन्दी के <link type="page"><caption> एंड्रॉएड ऐप</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>