क्या हैं नेताजी की दो बड़ी चिंताएं?

मुलायम सिंह यादव
    • Author, अतुल चंद्रा
    • पदनाम, लखनऊ से, बीबीसी हिन्दी डॉटकॉम के लिए
  • प्रकाशित

लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में समाजवादी पार्टी के तीन-दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के पहले दिन मुलायम सिंह यादव को सिर्फ़ एक ही चिंता सता रही थी: मंत्रियों की बेईमानी और पार्टी कार्यकर्ताओं का आचरण.

अगले तीन वर्षों तक पार्टी के अध्यक्ष चुने जाने के बाद, मुलायम ने कहा कि उनके पास ऐसे मंत्रियों और विधायकों की सूची है जिन्होंने जनता के लिए काम नहीं किया है.

मुलायम ने कहा "मेरे पास शिकायतें हैं और सबूत भी. मैं ये पहले भी कह चुका हूँ, लेकिन उनपर आज तक कोई असर नहीं पड़ा है."

मंत्रियों पर निशाना

भ्रष्ट मंत्रियों पर निशाना लगाते हुए मुलायम ने कहा, "मंत्री सरकारी तंत्र का दुरूपयोग अपने निजी स्वार्थ के लिए ना करें. जनता उन्हें माफ़ नहीं करेगी."

लोकसभा चुनाव में सिर्फ़ अपने परिवार के सदस्यों के चुने जाने का कारण भी मुलायम ने मंत्रियों का भ्रष्ट और स्वार्थपूर्ण रवैया बताया.

अखिलेश यादव
इमेज कैप्शन, मुलायम ने सम्मेलन में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की भी खुले दिल से प्रशंसा की.

उन्होंने कहा "क्या कारण है कि हमारे परिवार के पांचों सदस्यों को जनता ने चुना और 28 - 30 मंत्री चुनाव हार गए? इसका कारण था जनता का हम पर भरोसा."

युवाओं से अपील

मुलायम ने युवा कार्यकर्ताओं को जनता के बीच अपना आचरण और व्यवहार सुधारने की सलाह दी.

उन्होंने कहा, "भ्रष्टाचार से दूर रहो और ग़रीब मज़दूरों और किसानों की मदद करो. याद रखना जनता बहुत समझदार है. उसे उपेक्षित मत करना."

दो वर्षों में पहली बार मुलायम ने अखिलेश सरकार की खुले दिल से तारीफ़ की. उन्होंने कहा कि सरकार ने बहुत अच्छे-अच्छे काम किये हैं लेकिन विधायक और कार्यकर्ता वो बातें जनता तक पहुंचा नहीं सके हैं.

अखिलेश और मुलायम सिंह यादव

अधिवेशन में जनता दल यूनाइटेड के नेता शरद यादव भी मौजूद थे. कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों दलों के बीच भाजपा को रोकने के लिए कोई खिचड़ी पक रही है.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi%20" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi%20" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>