बॉलीवुड: कैसा रहा ख़ान सितारों का 2014?

सलमान खान, शाहरुख खान, आमिर खान
    • Author, मयंक शेखर
    • पदनाम, फिल्म समीक्षक
  • प्रकाशित

बॉलीवुड में ख़ान सितारे (आमिर, सलमान और शाहरुख़) पिछले एक दशक से बॉक्स ऑफ़िस पर राज कर रहे हैं.

इस साल सलमान ख़ान की 'जय हो' और 'किक', शाहरुख़ ख़ान की 'हैप्पी न्यू ईयर' और आमिर ख़ान की 'पीके' आई.

तीनों की ख़ास छवि है और वे अपनी-अपनी छवि के अनुसार ही फ़िल्में करते हैं. कमाई के लिहाज से इन में सबसे बेहतरीन फ़िल्म रही 'पीके.'

बॉक्स ऑफ़िस इंडिया मैगज़ीन के मुताबिक़ भारत में 'जय हो' ने 108 करोड़ रुपए का कारोबार किया, वहीं सलमान ख़ान की फ़िल्म 'किक' ने 218 करोड़ कमाए.

साल की अंतिम बड़ी फ़िल्म आमिर ख़ान की 'पीके' सिनेमाघरों में चल रही है और पहले हफ़्ते में उसने भारत में 181 करोड़ रुपए का कारोबार किया.

शाहरुख़ ख़ान की फ़िल्म 'हैप्पी न्यू ईयर' ने बॉक्स ऑफ़िस पर 188 करोड़ रुपए बटोरे.

ख़ान के बाद

राजकुमार हिरानी, अनुष्का शर्मा, आमिर खान

साल 2014 में अच्छी कमाई करने वाली फ़िल्मों में अक्षय कुमार की 'हॉलीडे' भी रही.

अक्षय की इस फ़िल्म ने 110 करोड़ रुपए की कमाई की. अर्जुन कपूर और अलिया भट्ट की '2स्टेट्स' ने 102 करोड़ का कारोबार किया.

अजय देवगन की फ़िल्म 'सिंघम रिटर्न्स' ने 140 करोड़ और हृतिक रोशन की फ़िल्म 'बैंग बैंग' ने 144 करोड़ रुपए कमाए.

2014 के बेहतरीन अदाकार

नसीरुद्दीन शाह

नसीरुद्दीन शाह: नसीरुद्दीन शाह ने साल की शुरुआत 'डेढ़ इश्क़िया' से की और साल का अंत किया 'फ़ाइंडिंग फ़ेन्नी' से.

दोनों फ़िल्मों से उनके अभिनय के कई नए रंग दर्शकों को दिखे.

नसीर ने इस साल अपनी आत्मकथा भी लिखी, जिसे काफ़ी सराहा गया.

आलिया भट्ट

आलिया भट्ट: 2014 में आलिया भट्ट ने हाईवे, 2स्टेट्स, हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया में अपने अभिनय के अलग पहलू दिखाए.

कई समीक्षकों का मानना है कि अगर आलिया इसी रफ़्तार से चलती रहीं तो आने वाले दो चार सालों में वे नंबर एक के पायदान पर हो सकती हैं.

आलिया ने सोशल मीडिया पर भी धाक जमाई और अपने सामान्य ज्ञान का मज़ाक बनाए जाने का जवाब एक वीडियो के जरिए दिया.

नायिका प्रधान फ़िल्में

रानी मुखर्जी

नायिका प्रधान फ़िल्मों के लिहाज से भी साल 2014 काफ़ी अच्छा रहा.

इस साल सशक्त महिला चरित्रों वाली फ़िल्मों में प्रियंका चोपड़ा की मैरी कॉम, रानी मुखर्जी की मर्दानी, माधुरी दीक्षित नेने की डेढ़ इश्क़िया, जूही चावला और माधुरी दीक्षित नेने की गुलाब गैंग, विद्या बालन की बॉबी जासूस, कंगना रानौत की क्वीन और रिवाल्वर रानी की काफ़ी चर्चा रही.

इन फ़िल्मों ने बताया कि बॉलीवुड की अभिनेत्रियां भी बिना हीरो के फ़िल्में अपने कंधे पर लेकर चल सकती हैं.

इस साल जिन नायिकाओं को बड़ी सफलता मिली उनमें सनी लियोनी भी शामिल हैं. उनकी फ़िल्म रागिनी एमएमएस-2 हिट रही और उसका गाना 'बेबी डॉल मैं सोने की' साल का सबसे सफल डांस नंबर रहा.

(बीबीसी सहयोगी सुप्रिया सोगले से फिल्म समीक्षक मयंक शेखर की बातचीत पर आधारित)

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>