प्रकाश झा को 100 करोड़ कमाने की चाहत

प्रकाश झा
इमेज कैप्शन, 'चक्रव्यूह' की शूटिंग के दौरान प्रकाश झा
प्रकाशित

गंगाजल, अपहरण, राजनीति और आरक्षण जैसी फिल्में बना चुके फिल्मकार प्रकाश झा एक और 'सामाजिक सरोकार' रखने वाली फिल्म लाए हैं चक्रव्यूह जो बुधवार को रिलीज़ हुई. लेकिन प्रकाश झा की कुछ और ही तमन्ना है. वो '100 करोड़ क्लब' में शामिल होना चाहते हैं.

बीबीसी से खास बात करते हुए प्रकाश झा कहते हैं, "सामाजिक विषयों पर फिल्म बनाने के साथ साथ मैं ये भी चाहता हूं कि मेरी फिल्म भी 100 करोड़ रुपए कमाएं. भला ऐसा कौन होगा जिसकी ये चाहत ना हो." लेकिन साथ ही प्रकाश झा कहते हैं कि अपनी इस चाहत को पूरा करने के लिए वो किसी भी तरह का समझौता नहीं करेंगे और अपनी तरह का सिनेमा बनाते रहेंगे.

प्रकाश झा की फिल्म 'चक्रव्यूह' में अर्जुन रामपाल, अभय देओल, मनोज बाजपेई और ईशा गुप्ता की मुख्य भूमिका है. फिल्म 'नक्सल समस्या' पर आधारित है.

'मेहनती हूं मैं'

प्रकाश झा दावा करते हैं कि उनकी फिल्मों में कलाकारों का काम इसलिए निखर कर आता है क्योंकि वो उन पर काफी मेहनत करते हैं.

वो कहते हैं, "लोगों का मानना है कि अर्जुन रामपाल सिर्फ मेरी ही फिल्मों में अच्छा काम करते हैं. ऐसा क्यों होता है. ऐसा इसलिए होता है क्योंकि मैं अपने कलाकारों से अच्छा काम निकलवाना जानता हूं. दूसरे लोग मेहनत नहीं करना चाहते तो इसमें कलाकारों की क्या ग़लती है."

फिल्म 'नक्सल समस्या' पर है तो क्या प्रकाश झा ने फिल्म की शूटिंग किसी नक्सल प्रभावित क्षेत्र में शूटिंग की और क्या उन्हें किसी तरह की समस्या पेश आई.

'सत्याग्रह' पर काम शुरू

इसके जवाब में उन्होंने कहा, "हमने बिलकुल नक्सलियों के इलाके में जाकर शूटिंग नहीं की. बस पचमुढ़ी और सतपुड़ा के जंगलों में शूटिंग की. वहां नक्सल समस्या ज़्यादा नहीं है."

'चक्रव्यूह' के बाद अब प्रकाश झा फिल्म 'सत्याग्रह' पर काम करना शुरू करने वाले हैं.

कहा जा रहा है कि फिल्म अन्ना हज़ारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन पर आधारित है. फिल्म में अमिताभ बच्चन मुख्य भूमिका निभाने वाले हैं.