आइटम नंबर कर झटका नहीं दूँगी: श्रीदेवी

श्रीदेवी
इमेज कैप्शन, श्रीदेवी की फिल्म 'इंग्लिश-विंग्लिश' को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली.
प्रकाशित

श्रीदेवी अपनी फिल्म इंग्लिश-विंग्लिश की कामयाबी से बेहद खुश हैं और कहती हैं कि भले ही वो 17 साल बाद फिल्मों में आई लेकिन अब उनकी अगली फिल्म के लिए दर्शकों को इतना इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा.

वो अपनी इस सफलता का सारा श्रेय अपने प्रशंसकों और फिल्म की निर्देशक गौरी शिंदे को देती हैं. इंग्लिश विंग्लिश पांच अक्टूबर को रिलीज़ हुई. इसे समीक्षकों की तारीफ के साथ साथ दर्शकों ने भी पसंद किया.

श्रीदेवी के मुताबिक, "दर्शकों ने इस फिल्म को इतना पसंद किया कि कई लोग मुझसे ये भी कहते हैं कि इसका सीक्वेल आना चाहिए."

श्रीदेवी ने ये भी कहा कि वो इस दौर के नए कलाकारों की प्रशंसक हैं और उनके साथ फिल्में करना चाहेंगी.

फिल्मों में आइटम नंबर के बढ़ते चलन पर श्रीदेवी क्या सोचती हैं. वो कहती हैं, "कम से कम मैं तो आइटम गाने करके दर्शकों को झटका नहीं देना चाहूंगी. लेकिन मुझे इनसे कोई समस्या नहीं. दर्शक इन्हें पसंद कर रहे हैं तो इसमें समस्या क्या है."

इंग्लिश विंग्लिश में अमिताभ बच्चन की भी एक छोटी सी भूमिका है. अमिताभ और श्रीदेवी, आखिरी रास्ता और ख़ुदा गवाह जैसी फिल्में साथ में कर चुके हैं. क्या वो अमिताभ के साथ आगे भी फिल्में करना चाहेंगी. इसके जवाब में श्रीदेवी ने कहा कि अगर कोई ऐसा प्रस्ताव आता है तो उन्हें फिल्म करने में काफी खुशी होगी.

अपनी बेटियों के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, "मैं अपनी बेटियों के साथ दोस्त की तरह रहती हूं. टेनिस खेलती हूं. घूमने जाती हूं."

1987 में आई अपनी सुपरहिट फिल्म मिस्टर इंडिया के रीमेक को लेकर भी उत्साहित हैं.

फिल्म के निर्माता उनके पति बोनी कपूर हैं और श्रीदेवी के मुताबिक इसकी स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है.