कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के माता-पिता क्या चाहते हैं?

इमेज स्रोत, @abhijeet_dipke
सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी बनाने वाले अभिजीत दीपके बीजेपी नेताओं के निशाने पर हैं.
इस बीच अभिजीत ने कहा है कि भारत में उनके परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं और वो उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.
अभिजीत दीपके ने अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें एक युवक उन्हें और उनके परिवार को लेकर आपत्तिजनक बातें करता दिख रहा है.
अभिजीत ने लिखा है कि अब भी उनके परिवार को धमकियां मिल रही हैं. अभिजीत ने पूछा है कि क्या अधिकारी इन धमकियों पर कोई कार्रवाई करेंगे?
दूसरी ओर अभिजीत के माता-पिता ने एक मराठी न्यूज़ चैनल से बात करते हुए कहा है कि इस कैंपेन की वजह से उनके बेटे के सामने क़ानूनी दिक्क़तें आ सकती हैं. उन्होंने कहा कि अभिजीत को गिरफ़्तार किया जा सकता है.
अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी के छात्र रहे अभिजीत दीपके ने एक सप्ताह पहले सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी लॉन्च किया था.
एक सप्ताह के भीतर ही इंस्टाग्राम पर इसके सीजेपी के फॉलोअर्स दो करोड़ से ज्यादा हो गए हैं. दूसरी तरफ़ बीजेपी ख़ुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी कहती है और उसके फॉलोवर्स सीजेपी से आधे से भी कम हैं.
दरअसल ये कैंपेन 15 मई को सुप्रीम कोर्ट के चीफ़ जस्टिस सूर्यकांत की ओर से एक मामले में सुनवाई करते हुए की गई टिप्पणी के बाद शुरू हुआ था.
इसमें उन्होंने कहा था, "समाज में पहले से ही ऐसे परजीवी मौजूद हैं जो व्यवस्था पर हमला करते हैं. क्या आप भी उनके साथ जुड़ना चाहते हैं? कुछ युवा ऐसे हैं, जो रोज़गार नहीं मिलने और पेशे में जगह न बना पाने के कारण कॉकरोच की तरह हर जगह फैल जाते हैं.''
हालांकि जस्टिस सूर्यकांत ने कहा था कि उनकी टिप्पणी को गलत ढंग से पेश किया गया.
अभिजीत और उनके माता-पिता ने क्या कहा

इमेज स्रोत, @abhijeet_dipke
वो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ख़बरें जो दिनभर सुर्खियां बनीं.
एपिसोड
समाप्त
अभिजीत के माता-पिता ने चिंता जताई है कि इस कैंपेन की वजह से उनके बेटे को दिक़्क़त हो सकती है.
दूसरी तरफ़ अभिजीत ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, ''मैं नहीं चाहता कि मेरे परिवार को कुछ हो क्योंकि यह मेरा फ़ैसला है, उनका नहीं.''
उन्होंने कहा, ''मुझे और मेरे परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं. मैं अपने घर पर अपने परिवार को लेकर चिंतित हूँ.''
अभिजीत दीपके के माता-पिता ने अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है.
अभिजीत के पिता ने कहा, ''आजकल हम जिस तरह की राजनीति देख रहे हैं, उसे लेकर डर लगना तो स्वाभाविक है. एक इंटरव्यू में ख़ुद उसने भारत आने पर अपनी गिरफ़्तारी की आशंका ज़ाहिर की है. हम अख़बारों में इस तरह की घटनाओं के बारे में पढ़ते रहते हैं.''
अभिजीत की माँ ने कहा कि उनका बेटा राजनीति से दूर रहे और अपना करियर बनाने पर ध्यान दे.
उन्होंने कहा, "हम बस यही चाहते हैं कि वह सुरक्षित घर लौट आए. राजनीति में बने रहने का उसका फ़ैसला होगा, लेकिन हम नहीं चाहते कि वह इसमें शामिल हो. मुझे नहीं पता कि वह हमारी बात सुनेगा या नहीं. मैं इस मामले में उसका साथ नहीं दूंगी. मैं उसके लिए चिंतित हूँ."
30 साल के अभिजीत दीपके अभी बोस्टन में हैं, जहाँ वह दो साल पहले पढ़ाई करने गए थे.
भगवान दीपके ने बताया कि उनका बेटा पढ़ाई के लिए विदेश चला गया. उसकी बहन पहले से ही वहाँ रहती थी.
उन्होंने कहा कि वे चाहते थे कि अभिजीत राजनीति में आने के बजाय पुणे या दिल्ली जैसे शहरों में कोई नियमित नौकरी करे.
भगवान दीपके ने कहा, ''मुझे बताया गया कि सोशल मीडिया पर उसके फॉलोअर्स बहुत ज़्यादा हैं. पहले वह आम आदमी पार्टी में काम करता था. तब भी मैंने उससे कहा था कि हम राजनीति में नहीं हैं और उसे सर्विस में जाना चाहिए."
भगवान दीपके ने माना कि इस प्लेटफ़ॉर्म की अचानक लोकप्रियता ने उनकी नींद उड़ा दी है.
उन्होंने कहा, "ऐसे लोगों को गिरफ़्तार भी किया जा सकता है. पिछली दो रातों से मुझे इस बात की चिंता सता रही है कि उसके साथ क्या होगा. मुझे राजनीति से नफ़रत है और इसमें मेरी कोई दिलचस्पी नहीं है."
बीजेपी नेताओं के निशाने पर अभिजीत

इमेज स्रोत, ANI
अभिजीत के कैंपेन का कुछ लोग विरोध भी कर रहे हैं.
बीजेपी के लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ अभिजीत की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ''अभिजीत दीपके आम आदमी पार्टी यानी अरविंद केजरीवाल जी का कार्यकर्ता है, यह बोस्टन किसके पैसे से गया? क्या इसके रहने और खाने का खर्चा सोरोस फाउंडेशन दे रहा है? यह विपक्ष के लिए एक चेतावनी है, क्या आप देश तोड़ने के लिए विदेशी ताक़तों की मदद लेंगे?''
वहीं भारतीय जनता पार्टी संगठन भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर अभिजीत के कुछ ट्वीट का हवाला देकर उनके ख़िलाफ़ टिप्पणियां की हैं.
तजिंदर बग्गा ने अभिजीत दीपके के एक पुराने ट्वीट को री-ट्वीट करते हुए लिखा है, '' कॉकरोच अभिजीत दीपके भारत में मुस्लिम प्रधानमंत्री क्यों चाहते हैं.''
अभिजीत ने अपने इस ट्वीट में जोहरान ममदानी का हवाला देते हुए लिखा था, '' जोहरान ममदानी-एक गुजराती मुस्लिम ने अमेरिका के सबसे प्रतिष्ठित चुनावों में से एक में जीत हासिल की है और दुनिया के सबसे बड़े शहर के मेयर बने हैं. सवाल यह है कि क्या मोदी शासन के तहत भारत में कोई गुजराती मुस्लिम ऐसा कर सकता है?"
अभिजीत ने सीजेपी के इंस्टाग्राम हैंडल पर कहा है कि लोग मौक़ा ढूंढ रहे हैं कि उनके कैंपेन को बदनाम किया जा सके.
उन्होंने कहा, ''कुछ अख़बारों में मैंने पढ़ा कि कॉकरोच जनता पार्टी के नाम से कुछ लोग प्रोटेस्ट करने का प्लान बना रहे हैं. लेकिन इस कैंपेन का अभी ऐसा कोई इरादा नहीं है. सरकार इंतज़ार कर रही है कि कोई मौक़ा मिला ताकि कार्रवाई की जा सके और इस मूवमेंट को बदनाम करे. ये लंबी लड़ाई है. हमें जब भी कोई क़दम उठाना होगा, हम बहुत सोच-समझ कर उठाएंगे. हमारा कोई भी क़दम शांतिपूर्ण होगा.''
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़ रूम की ओर से प्रकाशित




























