राहुल गांधी ने पीएम मोदी, अमित शाह और आरएसएस को कहा- 'ग़द्दार', बीजेपी ने बताया 140 करोड़ जनता का 'अपमान'

इमेज स्रोत, ANI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों के दौरे पर अंतिम चरण में इटली पहुंचे हैं जहां उनकी मुलाक़ात वहां की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से हुई है.
पीएम मोदी और मेलोनी की मुलाक़ात की ख़ासी चर्चाएं हैं. एक ओर जहां वो मेलोनी के साथ रोम में ऐतिहासिक कोलेसियम स्थल देखने पहुंचे. वहीं दूसरी ओर पीएम मोदी ने मेलोनी को मेलोडी टॉफ़ी का पैकेट गिफ़्ट किया.
इस पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने टिप्पणी की है. राहुल गांधी के पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस को 'ग़द्दार' बताने पर हंगामा खड़ा हो गया है.
बीजेपी ने राहुल गांधी के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि ये राहुल गांधी की "अराजकतावादी मानसिकता को दिखाता है."
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों ने राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया दी है.
आख़िर राहुल गांधी ने क्या कहा?

इमेज स्रोत, ANI
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर हैं. वहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया.
राहुल गांधी ने कहा, "जब आप घर वापस जाओगे और आरएसएस कार्यकर्ता आपके सामने आएंगे, नरेंद्र मोदी और अमित शाह की बात करेंगे, उनके सामने आप उनसे कहो कि आपका प्रधानमंत्री ग़द्दार है, आपका गृह मंत्री ग़द्दार है, आपका संगठन ग़द्दार है."
"आपने हिंदुस्तान को बेचने का काम किया है. आपने हमारे संविधान पर आक्रमण किया है. आपने आंबेडकर जी, गांधी जी पर आक्रमण किया है."
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में इटली पहुंचे हैं और वहां की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से मुलाक़ात की है.
इसके बाद इटली की पीएम जियोर्जिया मेलोनी ने एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, इस गिफ़्ट के लिए शुक्रिया. वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी उन्हें टॉफ़ी का एक पैकेट देते दिख रहे हैं.
इस पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा.
'पीएम इटली में टॉफ़ी बांट रहे हैं'

इमेज स्रोत, x.com/GiorgiaMelon
वो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ख़बरें जो दिनभर सुर्खियां बनीं.
एपिसोड
समाप्त
राहुल गांधी ने लिखा, "आर्थिक तूफ़ान सर पर है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफ़ी बाँट रहे हैं. किसान, युवा, महिलाएं, मज़दूर और छोटे व्यापारी सब रो रहे हैं, पीएम हंसकर रील बना रहे हैं, और बीजेपी वाले ताली बजा रहे हैं. यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है."
रायबरेली में राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा, "नरेंद्र मोदी ने हिंदुस्तान के आर्थिक सिस्टम को बेच दिया है. उन्होंने अडानी-अंबानी और अमेरिका को हिंदुस्तान का आर्थिक सिस्टम पकड़ा दिया है. अब आर्थिक तूफ़ान आ रहा हू और नरेंद्र मोदी और हिंदुस्तान की सरकार आपको नहीं बचा पाएगी. दो-तीन महीने में आपको पता चल जाएगा कि कैसा ज़बरदस्त झटका लगने वाला है. नरेंद्र मोदी रोएंगे, जैसे कोविड और नोटबंदी की समय रोए थे, और कहेंगे कि 'मेरी ग़लती नहीं है.' मैं आपको बता रहा हूं कि ग़लती सिर्फ़ नरेंद्र मोदी, अमित शाह और आरएसएस की है क्योंकि उन्होंने इसको (भारतीय संविधान) ख़त्म किया है."
राहुल गांधी ने कहा, "चुनाव से पहले कहा कि पेट्रोल-गैस की कोई कमी नहीं है, पेट्रोल के दाम नहीं बढ़ेंगे और आज जब पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं तो अंबानी पेट्रोल हिंदुस्तान के बाहर भेज रहा है. अंबानी रूस से पेट्रोल ख़रीदता है और बाहर बेचता है और अंबानी नरेंद्र मोदी की फ़ंडिंग उस पैसे से करता है. ये सच्चाई है."
राहुल गांधी ने कहा, "नरेंद्र मोदी आपसे कहते हैं कि विदेश मत जाओ, सोना मत ख़रीदो, इलेक्ट्रिक गाड़ी ख़रीदो. आने वाले समय में किसान के पास खाद भी नहीं होगा. आर्थिक तूफ़ान आ रहा है. आप देखना कुछ ही महीनों में महंगाई कहां जाती है. पेट्रोल, डीज़ल, गैस, दाल और चावल के दाम कहां जाते हैं. खुलकर प्रधानमंत्री कहते हैं कि विदेश मत जाओ और फिर हज़ारों करोड़ रुपये के जहाज़ में विदेश चले जाते हैं."
बीजेपी के नेताओं का राहुल गांधी पर निशाना

इमेज स्रोत, ANI
राहुल गांधी के बयान के बाद बीजेपी और उसके नेता लगातार उनकी निंदा कर रहे हैं. बीजेपी ने राहुल गांधी के बयान को देश की 140 करोड़ लोगों का अपमान बताया है.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बयान जारी कर कहा है कि "राहुल गांधी का आज का बयान बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है और उनकी अराजकतावादी मानसिकता को दिखाता है."
उन्होंने कहा, "मैं यह मानता हूं कि भारतीय राजनीति में जहां सुचिता, सामाजिकता और एक-दूसरे को सम्मान देने की प्रक्रिया है, उसमें उनका यह बयान बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है. मैं मानता हूं कि लगातार हो रही हार और निराशा उनके स्वभाव और चरित्र में दिख रही है."
"मैं पूछना चाहता हूं, राहुल गांधी जी, आपके पूर्वजों ने इस देश की ज़मीन और ज़मीर को हमेशा गिरवी रखने का काम किया. कभी हमारे सैनिकों के मनोबल को बढ़ाने का काम नहीं किया. लेकिन हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में इस देश की ज़मीन भी सुरक्षित हुई और देश के लोगों का ज़मीर भी म़जबूत हुआ."
नितिन नबीन ने राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा, "आपके शासनकाल में, जब-जब आपके लोगों ने इस देश में राज किया, करप्शन में आकंठ आपकी पूरी सरकार डूबी रही. आज हम करप्शन पर ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करते हैं. आज हमारे प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आतंकवाद जैसी चीज़ों पर पूर्ण रूप से लगाम लगाने का काम किया गया है और हमारे पड़ोसी भी आज हमारी इस नीति से नतमस्तक नज़र आते हैं."
"राहुल गांधी जी, आपका बयान बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है. आपने केवल नरेन्द्र मोदी जी का ही अपमान नहीं, बल्कि देश की 140 करोड़ जनता का भी अपमान किया है."
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "विभाजनकारी और तुष्टीकरण की राजनीति की जननी कांग्रेस के 'युवराज' की अमर्यादित टिप्पणी उनकी नकारात्मक राजनीति, असंयमित सोच और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनके अनादर को प्रदर्शित करती है."
"प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रति उनकी घोर निंदनीय टिप्पणी 145 करोड़ देशवासियों के जनादेश, विश्वास और लोकतांत्रिक संस्कारों का भी अपमान है."
"कांग्रेस के 'युवराज' को अपने आपत्तिजनक, असंसदीय और कुंठाजनित वक्तव्य के लिए समूचे देश से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगनी चाहिए."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.





















