टेस्ला की उड़ने वाली कार, क्या है ख़ासियत?

इमेज स्रोत, TESLA
अमेरिका के टेक्सस में टेस्ला की इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार 'रोडस्टर' का नया वर्जन पेश किया गया है, जिसे रियल लाइफ़ फ्लाइंग कार कहा जा रहा है.
इस कार में ऐसे थ्रस्टर लगे हैं, जिनकी मदद से यह ज़मीन से ऊपर हवा में उठ सकती है और बीच हवा में मुड़ सकती है.
कार कंपनी के सीईओ एलन मस्क ने कार का डेमो पेश करते हुए कहा, "आज रात आप कुछ हैरान कर देने वाली चीजें देखने वाले हैं."
उन्होंने यह कार अपनी कंपनी स्पेसएक्स के एक परिसर में पेश की. इस मॉडल को विकसित करने में स्पेसएक्स ने भी मदद की है.
टेस्ला ने अपने रोडस्टर मॉडल को रीडिज़ाइन करके इसे फ़्लाइंग कार में कन्वर्ट किया है.
मस्क ने कहा कि यह साबित करने के लिए दर्शकों की मौजूदगी जरूरी थी कि यह कार "एआई नहीं है."
मस्क ने क्या कहा

इमेज स्रोत, Getty Images
इसके बाद उन्होंने रोडस्टर का डेमो दिखाया. इसमें कार हवा में ऊपर जाते एक रैंप पर चढ़कर वहां से हवा में उछलती है, हवा में घूमती है और एयर जेट की मदद से नीचे उतरती है.
बीबीसी की टेक्नोलॉजी एडिटर ज़ो क्लाइनमैन ने कहा, "कई वजहों से निकट भविष्य में सड़कों पर उड़ने वाली कारें दिखाई देने की संभावना कम है."
एलन मस्क ने अपने एक्स हैंडल पर फ़्लाइंग कार के डेमो का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, "ऐसा लगता है भविष्य में सचमुच उड़ने वाली कारें हैं."
टेस्ला ने इस टू सीटर गाड़ी में स्पेसएक्स के डिवेलप्ड कोल्ड गैस थ्रस्टर्स लगाए हैं. हालांकि ये फ़्लाइंग फ़ीचर्स वाली गाड़ियां सड़कों पर इस्तेमाल के लिए तैयार है या नहीं इस बारे में कोई स्पष्टता नहीं है.
टेक्सस में डेमो के दौरान, रोडस्टर सेकेंड जनरेशन कार एक बड़े घुमावदार रैंप पर ऊपर की ओर बढ़ती है और इसके बाद ये रैंप से हवा में उड़ती है.
फिर कार हवा में ही पलटती है और ज़मीन पर सुरक्षित लैंड करती है.
सफल लैंडिंग के बाद मस्क ने कहा, "चलिए, यह काम कर गया."
मस्क ने बताया कि इस कार को बनाने में टेस्ला और स्पेसएक्स के इंजीनियरों ने साथ मिलकर काम किया है.
कार की ख़ासियत

इमेज स्रोत, @elonmusk
कार का डेमो पेश करते हुए मस्क से सवाल किया गया कि क्या यह कार सड़कों पर चल सकती है तो मस्क ने हंसते हुए कहा, "यह निर्भर करता है कि आपकी सड़क कैसी है."
हालाँकि उन्होंने दावा किया कि यह इस्तेमाल करने के लिहाज से 'व्यवहारिक कार' होगी.
मस्क के मुताबिक़ कार खुद को ऊपर उठाने के लिए एक एडवांस्ड अल्ट्रा-हाई प्रेशर एयर टैंक का इस्तेमाल करती है.
कार में हवा में कंट्रोल के लिए एल्टीट्यूड थ्रस्टर्स और पीछे की तरफ मेन थ्रस्टर्स हैं. यह बिल्कुल रॉकेट की तरह उड़ सकती है और हवा में कलाबाज़ियां खा सकती है.
इस कार में रॉकेट में इस्तेमाल होने वाले थ्रस्टर्स लगे हैं. ये कार केवल 0.81 सेकेंड में 97 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार भी पकड़ सकती है.
अगर कार इसी रफ़्तार के साथ बाज़ार में आती है तो दुनिया की सबसे तेज़ पिकअप वाली कार हो सकती है.
यह कार कोल्ड-गैस थ्रस्टर टेक्नोलॉजी पर बनी है, जिसका इस्तेमाल अंतरिक्ष में रॉकेट और सैटेलाइट्स की दिशा बदलने के लिए किया जाता है.
इसमें कंप्रेस्ड एयर/गैस को हाई प्रेशर के साथ बाहर निकालकर गाड़ी को अतिरिक्त फ़ोर्स दिया जाता है.
इस कार का डेमो देखने के बाद सोशल मीडिया पर लोग कई तरह की कल्पना कर रहे हैं. लोग यह सोच रहे हैं कि कार जब किसी टोल बूथ के पास पहुंचे तो उड़कर उसे पार कर ले.
वहीं कुछ लोग यह कल्पना कर रहे हैं कि जहां सड़क ख़राब हो या गड्ढे हों तो वहां कार को उड़ाकर ले जा सकते हैं.
कुछ लोगों ने ये भी कहा कि जहां बहुत ज़्यादा गाड़ियां ट्रैफ़िक में एक जगह फंसी हों, वहां कार को उड़ाकर दूसरी तरफ़ ले जा सकते हैं.
हालांकि यह अभी रोडस्टर कार का डेमो है और और देखना होगा कि बाज़ार में यह कार किन ख़ास तकनीक के साथ उतरती है और इसे चलाने के लिए सड़क की स्थिति और बाक़ी शर्तें क्या होंगी.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.




















