गुरिंदरवीर सिंह कौन हैं, जो बने भारत के सबसे तेज़ एथलीट
10.09 सेकेंड में 100 मीटर की दौड़ पूरी कर गुरिंदरवीर सिंह ने नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
वो 100 मीटर की रेस में भारत के सबसे तेज़ एथलीट बन गए हैं.
रांची के बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में शनिवार को गुरिंदरवीर सिंह ने यह रिकॉर्ड अपने नाम किया.
वहीं विशाल टीके ने 400 मीटर रेस 44.98 सेकेंड में पूरी कर नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम किया.
गुरिंदरवीर सिंह ने 100 मीटर रेस का रिकॉर्ड अपने नाम करने के बाद हाथ से लिखा एक मैसेज दिखाया, जिसमें लिखा था- 'टास्क इज़ नॉट फिनिश्ड यट, वेट आई एम स्टिल स्टैंडिंग (काम अभी पूरा नहीं हुआ है, इंतज़ार करो मैं अब भी खड़ा हूँ.)'
25 साल के गुरिंदरवीर सिंह पंजाब के जालंधर ज़िले के रहने वाले हैं. उन्होंने छठी कक्षा से ही एथलेटिक्स की शुरुआत कर दी थी.
गुरिंदरवीर को एथलेटिक्स में जाने का श्रेय उनके पिता कमलजीत सिंह को जाता है, जो पंजाब पुलिस में एएसआई हैं.
(बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित)



